उत्तर प्रदेशदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़

बस्ती में गांधी जयंती और शास्त्री जयंती समारोहपूर्वक मनाई गई, अधिकारियों ने सत्य-अहिंसा और सादगी के आदर्श अपनाने का किया आह्वान

बस्ती से वेदान्त सिंह

 

बस्ती, 02 अक्टूबर 2026। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पूरे जिले में श्रद्धा और गरिमापूर्ण वातावरण में समारोहपूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर सरकारी एवं गैर सरकारी कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया, राष्ट्रगान हुआ तथा राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की शपथ दिलाई गई। विभिन्न कार्यक्रमों में दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

मंडलायुक्त कार्यालय में हुआ कार्यक्रम

मंडलायुक्त कार्यालय में मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने तिरंगे को सलामी दी और सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया। इसके बाद सभागार में महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण किया गया।

मंडलायुक्त ने कहा कि दोनों महापुरुषों का व्यक्तित्व और कृतित्व सादगीपूर्ण रहा। उनके आदर्श आज भी समाज और देश के लिए प्रेरणादायी हैं। उन्होंने सभी से महापुरुषों के विचारों एवं आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

गोष्ठी में अपर आयुक्त प्रशासन मनोज कुमार तिवारी ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री ने देश की कठिन परिस्थितियों को समझते हुए राष्ट्रहित में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के हित को ध्यान में रखते हुए दोनों महापुरुषों ने अपने विचारों और कार्यों से देश को दिशा दी। सत्य और अहिंसा के उनके सिद्धांत आज भी प्रेरणादायी हैं।

अपर आयुक्त न्यायिक सुरेंद्र कुमार यादव ने कहा कि गांधी जी और शास्त्री जी ने सादगीपूर्ण जीवन जीकर समाज के सामने आदर्श प्रस्तुत किया। संयुक्त विकास आयुक्त निर्मल कुमार द्विवेदी ने कहा कि सत्य और अहिंसा गांधी जी के प्रमुख सिद्धांत थे। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने दायित्वों का पूरी सत्यनिष्ठा के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में सरस्वती बालिका विद्यालय रामबाग की संगीत शिक्षिका पंखुड़ी मिश्रा के निर्देशन में छात्राओं अर्पिता, अदिति और रक्षिता ने गांधी जी का प्रिय भजन प्रस्तुत किया। शानदार प्रस्तुति के लिए छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का संचालन जीतेन्द्र कुमार श्रीवास्तव ने किया।

कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी ने किया ध्वजारोहण

कलेक्ट्रेट परिसर में महात्मा गांधी की 157वीं जयंती के अवसर पर जिलाधिकारी श्रीमती कृतिका ज्योत्स्ना ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद सामूहिक राष्ट्रगान हुआ और राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की शपथ दिलाई गई। जिलाधिकारी ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

सभाकक्ष में आयोजित गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने सत्य, अहिंसा और सेवा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के सिद्धांतों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

जिलाधिकारी ने कहा कि आमजन अपनी समस्याएं लेकर कार्यालयों में आते हैं, इसलिए उनकी समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ शीघ्र निस्तारण किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि उच्च पद पर रहते हुए भी व्यक्ति को जीवन में सादगी बनाए रखनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि 02 अक्टूबर के अवसर पर महापुरुषों के जीवन पर आधारित पुस्तकों का अध्ययन कर उनके विचारों और आचार-विचार को जीवन में उतारने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने विविधता में एकता, स्वच्छता, समानता और सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया।

जिलाधिकारी ने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन सत्य, अहिंसा और सादगी की मिसाल है। उनके विचार और आंदोलनों ने भारत के स्वतंत्रता संग्राम को दिशा देने के साथ ही विश्व को शांति और मानवता का संदेश दिया। वर्तमान समय में भी गांधी जी के विचार प्रासंगिक हैं। समाज में स्वच्छता, समानता और सौहार्द स्थापित करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

इसके बाद जिलाधिकारी गांधी कला भवन पहुंचीं और महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उन्होंने परिसर में आम का पौधा भी रोपित किया।

कार्यक्रम में जीआईसी की छात्राओं ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। जिलाधिकारी ने प्रतिभागी बच्चों को पुरस्कृत कर उपहार भी भेंट किए। अपर जिलाधिकारी ज्ञान चंद्र गुप्ता, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती सहित अन्य अधिकारियों ने भी महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, विचारों और सत्य के प्रति उनके आग्रह को याद किया।

इस अवसर पर उप श्रमायुक्त रचना केशरवानी, निरीक्षक राजकीय कार्यालय अश्वनी कन्नौजिया, प्रशासनिक अधिकारी संतोष पाण्डेय सहित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। कलेक्ट्रेट कार्यक्रम का संचालन मो. काजी अनवार हुसैन ने किया। कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी उमाकांत तिवारी, हिमांशु कुमार, बाल संरक्षण अधिकारी वीना सिंह, धनंजय कुमार सिंह, ओम प्रकाश मिश्रा, रामदत्त मिश्रा, अशोक कन्नौजिया, पिंकी श्रीवास्तव, सॉजमा खातून, रंजीत रंजन, नाजिर प्रेम प्रकाश, शिक्षिका मानवी सिंह सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Vedant Singh

Vedant Singh S/O Dr. Naveen Singh Mo. Belwadandi Po. Gandhi Nagar Basti Pin . 272001 Mob 8400883291 BG . O Positive vsvedant12345@gmail.com

Vedant Singh

Vedant Singh S/O Dr. Naveen Singh Mo. Belwadandi Po. Gandhi Nagar Basti Pin . 272001 Mob 8400883291 BG . O Positive vsvedant12345@gmail.com

Related Articles

Back to top button