उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़शिक्षा
सुपरकिड्ज जनपद स्तरीय चैंपियनशिप के विजेता बच्चों को मिला सम्मान

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती। सुपरकिड्ज एकेडमी द्वारा आयोजित जनपद स्तरीय चैंपियनशिप-2026 के प्रतिभागियों के सम्मान में स्टेशन रोड स्थित होटल में भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में एलकेजी से कक्षा 8 तक के प्रतिभागी बच्चों को ओवरऑल चैंपियन, चैंपियन, गोल्ड, सिल्वर एवं मेरिट वर्ग में ट्रॉफी, मेडल, प्रमाणपत्र एवं नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष एवं दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री महेश शुक्ला रहे। विशिष्ट अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अंकुर वर्मा तथा अतिथि के रूप में एक्यूप्रेशर चिकित्सक डॉ. नवीन सिंह, व्यवसायी वेद मेहंदीरत्ता, उत्तर प्रदेश कसौधन महासभा के अध्यक्ष पवन कसौधन, राज्य पिछड़ा आयोग के रमा शंकर साहू, महिला कसौधन समाज की अध्यक्ष कंचन गुप्ता, कसौधन समाज के अध्यक्ष राजेंद्र कसौधन, कसौधन महासभा के पूर्व अध्यक्ष बृज किशोर कसौधन सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
ओवरऑल चैंपियन वर्ग में आरुष अग्रवाल (कक्षा 4), शिवम पाण्डेय (यूकेजी) एवं इरा अनुपम श्रीवास्तव (कक्षा 2) को चैंपियन ट्रॉफी एवं 2100 रुपये नगद पुरस्कार से सम्मानित किया गया। विद्यालय वर्ग में फीनिक्स पब्लिक स्कूल ने प्रथम, उर्मिला एजुकेशनल अकैडमी ने द्वितीय तथा दिल्ली स्कूल ऑफ एक्सीलेंस ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
मेंटल मैथ पेपर में 100 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मेंटल मैथ जीनियस पुरस्कार प्रदान किया गया। इनमें एलकेजी के दिव्यांश सिंह, अंशा खान, यश पटेल, शिवम पांडे, रुद्र यादव, तेजस दुबे, युग प्रताप सिंह, अनुभव, शिक्षित कुमार, आण्वी, देवांशी पांडे एवं आद्या शुक्ला, कक्षा 1 के प्रियांश श्रीवास्तव, कक्षा 2 के हर्षवर्धन पांडे तथा कक्षा 8 के पीयूष आर्य एवं केशव कसौधन शामिल रहे। इसके अतिरिक्त चैंपियन, गोल्ड, सिल्वर एवं मेरिट पार्टिसिपेंट वर्ग के प्रतिभागियों को भी ट्रॉफी, मेडल एवं प्रमाणपत्र देकर पुरस्कृत किया गया।
समारोह में सुपरकिड्ज के नन्हे विद्यार्थियों ने अपनी अद्भुत मानसिक एवं गणितीय क्षमता का प्रदर्शन कर सभी को आश्चर्यचकित कर दिया। बच्चों ने बिना किसी बाहरी उपकरण, पेन या पेपर के कुछ ही सेकेंड में कठिन गणितीय प्रश्नों के उत्तर दिए। जोड़, घटाना, गुणा, भाग, 1000 तक के पहाड़े तथा मल्टीटास्किंग जैसी क्षमताओं का प्रदर्शन देखकर उपस्थित लोगों ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना की।
सुपरकिड्ज के संस्थापक सौरभ तुलस्यान ने प्रतियोगिता एवं संस्थान द्वारा संचालित पाठ्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि बस्ती जनपद के नौनिहालों की प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने और उन्हें सम्मानित करने के उद्देश्य से जनपद स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन प्रतिवर्ष किया जाता है। प्रतियोगिता में मेंटल मैथ, जनरल अवेयरनेस एवं स्पीड हैंडराइटिंग के प्रश्नपत्र शामिल किए जाते हैं, जिससे बच्चों को भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए अनुभव प्राप्त होता है। उन्होंने बताया कि सुपरकिड्ज में वैदिक गणित, अबेकस, कोडिंग एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सहित विभिन्न पाठ्यक्रम संचालित किए जाते हैं, जो बच्चों की मानसिक, गणितीय एवं कौशल क्षमता के विकास में सहायक हैं।
मुख्य अतिथि महेश शुक्ला ने सुपरकिड्ज एकेडमी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक युग में माता-पिता को बच्चों में संस्कारों का बीजारोपण करना चाहिए। अभिभावकों की जिम्मेदारी है कि वे बच्चों को उचित मार्गदर्शन देते हुए उन्हें समाज की विकृतियों से दूर रखें। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के कौशल विकास के लिए अबेकस एवं वैदिक गणित जैसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों का लाभ उठाने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि अंकुर वर्मा ने कहा कि अभिभावकों को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए बच्चों की शिक्षा एवं प्रतिभा के विकास पर ध्यान देना चाहिए। बच्चों की योग्यता के अनुरूप उन्हें विभिन्न कौशल विकास कार्यक्रमों से जोड़ना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सुपरकिड्ज के विद्यार्थी कुछ ही क्षणों में अपनी मानसिक एवं गणितीय क्षमता का प्रदर्शन करते हैं और यह बस्ती के बच्चों के लिए प्रतिभा विकास का एक उपयोगी अवसर है।
समारोह में विभिन्न विद्यालयों के डायरेक्टर, प्रधानाचार्य एवं शिक्षकगण, अभिभावक, प्रतिभागी बच्चे तथा शहर के अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। आयोजन को सफल बनाने में सुपरकिड्ज टीम के मदन गोपाल, आरती गुप्ता, रीना गुप्ता, नीतू तुलस्यान, पुनीती मोदी, सविता गुप्ता, अर्पिता मिश्रा, शिवांश तुलस्यान एवं रुचि तुलस्यान सहित पूरी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
अंत में सुपरकिड्ज पुरानी बस्ती शाखा के प्रबंधक मदन गोपाल ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।

Subscribe to my channel


