
बीकानेर से डॉ राम दयाल भाटी
बीकानेर, 28 सितम्बर।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 75वें जन्मदिवस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा चल रहे सेवा पखवाड़े के तहत शहर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं समाजसेवी गोपाल गहलोत की ओर से सुजानदेसर स्थित काली माता मंदिर परिसर में पाठात्मक शतचंडी महायज्ञ एवं चंडीयज्ञ का आयोजन किया गया।
रविवार को यज्ञ का सातवां दिन रहा। इस अवसर पर गहलोत ने पांच सौ इक्यावन कन्याओं का विधिवत पूजन किया। कन्याओं का प्रक्षालन कर उन्हें तिलक लगाया गया, चुनरी ओढ़ाई गई और उपहार प्रदान किए गए।
अनुष्ठान के दौरान ज्योतिषाचार्य पंडित राजेन्द्र किराडू के आचार्यत्व में 21 ब्राह्मणों द्वारा मंडप पूजन, स्वस्ति पाठ, गणेश पूजन, नवग्रह एवं षोडश मातृका पूजन, गौरी तिलक मंडल तथा सर्वतोभद्र मंडल पूजन सहित वैदिक विधियों से अनुष्ठान सम्पन्न कराए गए।
शाम को माता की भव्य आरती के बाद उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। वहीं रात्रि में भजनों की संगीतमयी सरिता प्रवाहित हुई, जिसमें सैकड़ों धर्मप्रेमियों ने भाग लिया।
इस धार्मिक आयोजन का उद्देश्य देश में अमन-चैन, सुख-शांति की कामना के साथ-साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दीर्घायु और राष्ट्र की निरंतर प्रगति की प्रार्थना करना बताया गया।

Subscribe to my channel

