*लिंग अनुपात के प्रति जागरूकता के लिए मेरी प्यारी लाडो अभियान की शुरुआत होगी-मोनिका गुप्ता उपायुक्त नारनौल*
*14 फरवरी तक सोशल मीडिया पर फोटो व #मेरी प्यारी लाडो की खुशियों के पल करें शेयर*
*टॉप 20 एंट्री को समारोह में किया जाएगा सम्मानित*
लिंग अनुपात को लेकर लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से उपायुक्त मोनिका गुप्ता ने आज मेरी लाडो मेरी शान कार्यक्रम के तहत मेरी प्यारी लाडो अभियान की शुरुआत की। पंचायत भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में जिला के विभिन्न एनजीओ, सामाजिक संगठनों तथा अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
*कार्यक्रम में संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि मेरी प्यारी लाडो अभियान के तहत सरकार और समाज मिलकर उस सोच के खिलाफ जंग छेड़ेंगे, जो यह मानते हैं कि बेटियां बेटों से कम हैं। उन्होंने कहा कि सबसे कठिन कार्य समाज की सोच में बदलाव लाना है। हम इस कार्य को लोगों के सहयोग से पूरा करेंगे। आज भी समाज में दक़ियानूसी सोच बरकरार है। हमें उसे बदलना है।*
उपायुक्त ने कहा कि मेरी प्यारी लाडो अभियान के तहत जिला के सभी नागरिक अपनी बेटियों के साथ तक खुशी के पल शेयर करेंगे। इसके लिए बेटियों के साथ अपना फोटो या वीडियो 14 फरवरी तक सांझा करेंगे। इसमें टॉप 20 एंट्री को भविष्य में एक समारोह आयोजित करके सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह फोटो और वीडियो किसी भी उम्र की बेटी के हो सकते हैं, क्योंकि एक पिता के लिए बेटी हमेशा पापा की परी ही होती है। इसमें उसके जन्मदिन, स्कूल जाने वाला पहला दिन या किसी उपलब्धि से संबंधित कोई वीडियो शेयर किया जा सकता है।
*इस कार्यक्रम के दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी संगीता यादव ने महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी सांझा की। जिला संरक्षण एवं बाल विवाह निषेध अधिकारी सरिता शर्मा ने बाल विवाह रोकने में सहयोग करने का आह्वान किया। जिला कल्याण विभाग से सुरेश शर्मा ने विभाग की योजनाओं के बारे में जानकारी दी।*
इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त दीपक बाबूलाल कारवा, जिला नगर आयुक्त महावीर प्रसाद, कनीना के एसडीएम सुरेंद्र कुमार, सीएमओ डॉ रमेश चंद्र आर्य, जिला शिक्षा अधिकारी सुनील दत्त, डीएसपी सुरेश कुमार, सीएमजीजीए दिवाकर कुमार के अलावा अन्य अधिकारी मौजूद थे।