देशधर्मबालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
कार्तिक शुक्ल त्रयोदशी पर जसोलधाम में उमड़े श्रद्धालु, अर्पित किया भोजन प्रसादी का भोग

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
जसोल, 22 नवम्बर 2026। कार्तिक शुक्ल पक्ष की त्रयोदशी के पावन अवसर पर श्री राणी भटियाणी मंदिर संस्थान, जसोल में हजारों श्रद्धालुओं ने दर्शन लाभ लिया। प्रातःकालीन मंगला आरती से ही दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की पंक्तियाँ लग गईं और दिनभर श्रद्धालुओं का आगमन जारी रहा। इस अवसर पर मंदिर परिसर को पुष्प मालाओं से सजाया गया। श्री राणीसा भटियाणीसा के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर गूँज उठा।
श्रद्धालुओं ने श्री राणीसा भटियाणीसा, श्री बायोसा, श्री सवाईसिंह जी, श्री लाल बन्ना सा, श्री खेतला जी एवं श्री काला-गोरा भैरू जी के मंदिरों में विधिवत दर्शन-पूजन कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि की मंगलकामना की। इस अवसर पर नवविवाहित दंपति भी जसोलधाम पधारे और सुखमय दांपत्य जीवन के लिए आशीर्वाद लिया।
भोजन प्रसादी का भोग अर्पित, कन्या पूजन कर लिया आशीर्वाद
त्रयोदशी पर तारजी सवाजी सिणाणी जागरवाल परिवार, वड़ावास, बागरा की ओर से भोजन प्रसादी का भोग अर्पित किया गया। भोजन प्रसादी के लाभार्थियों में राजपुरोहित तारजी (सुपुत्र सवाजी जागरवाल), उनकी धर्मपत्नी वसंती कंवर तथा परिवार के भानसिंह, रविन्द्रसिंह, बालाजी, बालकृष्ण, राधेकृष्ण, निरमा एवं पूजा शामिल रहे।
प्रचलित व्यवस्था के अनुसार लाभार्थी परिवार ने मंदिर के बाहर पुजारियों को भोजन प्रसादी का भोग अर्पण हेतु सौंपा। पुजारियों ने सभी मंदिरों में विधिवत भोग अर्पित किया और उसके उपरांत लाभार्थी परिवार को प्रसादी प्रदान की। लाभार्थी परिवार ने जसोलधाम पधारे श्रद्धालुओं में श्रद्धाभाव से भोग प्रसाद वितरित किया। इस अवसर पर लाभार्थी परिवार ने कन्या पूजन भी किया। कन्याओं को फल एवं अन्न प्रसादी ग्रहण करवाकर दक्षिणा भेंट की और उनका आशीर्वाद लिया।
श्रद्धालुओं के लिए दर्शन एवं प्रसाद की व्यवस्था
संस्थान के प्रवक्ता कुंवर हरिशचंद्र सिंह जसोल ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रसाद चढ़ाने की उत्तम व्यवस्था है। उन्होंने विगत महीनों से संचालित प्रसाद टोकन प्रणाली की जानकारी देते हुए कहा कि श्रद्धालु मंदिर के बाहर निर्धारित स्थान पर अपना प्रसाद सुरक्षित रखने के लिए जमा कर टोकन प्राप्त करें। दर्शन लाभ लेने के बाद उसी टोकन को दिखाकर अपना प्रसाद वापस लें।
सुगम दर्शन के लिए ज़िगज़ैग पंक्तियों की व्यवस्था है। सीसीटीवी कैमरों से मंदिर परिसर की निगरानी रखी जाती है और सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से श्रद्धालुओं को आवश्यक सूचनाएँ दी जाती हैं। मंदिर के बाहर जूते-चप्पल रखने की व्यवस्था तथा वाहनों की पार्किंग, भोजन प्रसादी ग्रहण करने और विश्राम की सुविधाएँ भी उपलब्ध हैं। श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन के लिए फुट ओवरब्रिज की व्यवस्था भी है।
भक्ति संध्या में श्रद्धालुओं ने किया भजनों का श्रवण
संध्या के समय मंदिर परिसर में भक्ति संध्या का आयोजन हुआ। रात्रि जागरण में स्थानीय भजनियों ने अपनी सुमधुर वाणी में श्री राणीसा भटियाणीसा, श्री बायोसा, श्री सवाईसिंह जी, श्री लाल बन्ना सा, श्री खेतला जी एवं श्री काला-गोरा भैरू जी की महिमा का गुणगान किया। श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से भजनों का श्रवण किया।
कुंवर हरिशचंद्र सिंह जसोल ने बताया कि हर माह की भाँति इस बार भी शुक्ल पक्ष में मंदिर परिसर में रात्रि जागरण का आयोजन किया जा रहा है। रात्रि जागरण का यह क्रम कार्तिक पूर्णिमा तक जारी रहेगा।

Subscribe to my channel


