बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानशिक्षा
अणुव्रत उद्धबोधन सप्ताह के पांचवें दिन विद्यार्थियों और शिक्षकों ने लिया नशामुक्ति का संकल्प

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
जसोल, 5 अक्टूबर 2026। अणुव्रत उद्धबोधन सप्ताह के पांचवें दिवस का आयोजन राजकीय माध्यमिक विद्यालय अमरपुरा में साध्वी श्री विद्युत प्रभा एवं साध्वी श्री किरण यशा जी के सानिध्य तथा प्रधानाचार्या श्रीमती सरोज भाटी की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 8 बजे हुआ।
कार्यक्रम के दौरान साध्वी श्री विद्युत प्रभा एवं साध्वी श्री किरण यशा जी ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को अपने जीवन में किसी भी प्रकार का नशा नहीं करने तथा संयमित जीवन जीने का संकल्प दिलाया। साध्वीश्री ने विद्यार्थियों को अणुव्रत के सिद्धांतों को जीवन में अपनाने और सदाचार के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया।
अणुव्रत समिति के प्रचार-प्रसार मंत्री श्री डूंगर चंद बागरेचा ने विद्यार्थियों के साथ “संयममय जीवन हो…” गीत का सामूहिक संगान किया। समिति अध्यक्ष श्री महावीर चंद सालेचा ने विद्यालय परिवार का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए अणुव्रत आचार संहिता का वाचन किया तथा सभी से अणुव्रत के नियमों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक एवं पीटीआई श्री प्रताप सिंह राव ने सभी अतिथियों, साध्वीश्री तथा अणुव्रत समिति के सदस्यों का हार्दिक स्वागत किया। उन्होंने पिछले वर्ष अणुव्रत समिति के प्रयासों से विद्यालय को विभिन्न सामग्री उपलब्ध करवाने के लिए समिति का आभार व्यक्त किया। इस दौरान महामंत्र यूनिफॉर्म के संचालक एवं अणुव्रत समिति के निवर्तमान अध्यक्ष श्री पारसमल गोलेछा के विशेष प्रयासों के लिए भी धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
अणुव्रत समिति के वरिष्ठ सदस्य श्री ईश्वर सिंह इन्दा ने मोहल्लेवासियों से किसी भी प्रकार का व्यसन नहीं करने की अपील की। उन्होंने नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी देते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में साध्वी श्री विद्युत प्रभा एवं साध्वी श्री किरण यशा जी ने विद्यार्थियों को विद्यार्थी संकल्प के सात संकल्प खड़े होकर दिलाए। वहीं साध्वी श्री किरण यशा जी ने शिक्षकों को शिक्षक संकल्प पत्र के पांच नियमों का संकल्प कराया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती सरोज भाटी ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए अणुव्रत समिति का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का सफल संचालन अणुव्रत समिति के निवर्तमान अध्यक्ष श्री पारसमल गोलेछा ने किया। उन्होंने प्रधानाचार्या श्रीमती सरोज भाटी एवं पीटीआई श्री प्रताप सिंह राव के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम में वरिष्ठ शिक्षक रविन्द्र कुमार गोड़, अध्यापिका श्रीमती कांता कुमारी, अंजुबाला, अनिता कुमारी, प्रियंका राठौड़, कंचन जांगिड़ सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने अणुव्रत संकल्प धारण किया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्या श्रीमती सरोज भाटी, पीटीआई श्री प्रताप सिंह राव सहित अच्छे कार्य करने वाले तीन विद्यार्थियों का अणुव्रत दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया गया तथा उन्हें अणुव्रत साहित्य भेंट किया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्थानीय लोगों को नशामुक्ति, संयम, अनुशासन और नैतिक जीवन का संदेश दिया गया।

Subscribe to my channel


