बालोतरा, 4 अक्टूबर। अणुव्रत उद्बोधन सप्ताह के तहत रविवार को अणुव्रत समिति पचपदरा की ओर से मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन पचपदरा विधायक डॉ अरुण चौधरी ने किया। उन्होंने ओसवाल भवन से ध्वज दिखाकर मैराथन में शामिल प्रतिभागियों को रवाना किया।
मैराथन दौड़ ओसवाल भवन से प्रारंभ होकर पाटोदी सर्कल और बाजार मार्ग से होते हुए गुलाब द्वार पहुंची। इसके पश्चात सभी प्रतिभागी तेरापंथ भवन पहुंचे। आयोजन का उद्देश्य आमजन को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नशे से दूर रहने तथा नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूक करना रहा।
तेरापंथ भवन में युगप्रधान आचार्य श्री महाश्रमणजी की सुशिष्या शासनश्री साध्वी सत्यप्रभाजी आदि ठाणा-3 ने उपस्थित जनसमूह को मंगल उद्बोधन दिया। उन्होंने व्यसनमुक्त जीवन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा दी। साथ ही उपस्थित सदस्यों को व्यसन नहीं करने का संकल्प भी दिलाया।
मैराथन दौड़ में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को अणुव्रत समिति की ओर से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अणुव्रत समिति, तेरापंथ सभा एवं तेरापंथ युवक परिषद के पदाधिकारी और सदस्य शामिल हुए।
इस अवसर पर अणुव्रत समिति पचपदरा के अध्यक्ष घेवरचंद प्रजापत, मंत्री चंचल देवी चौपड़ा, उपाध्यक्ष मांगीलाल ढेलड़िया, सहमंत्री इंद्रादेवी मदाणी, तेरापंथ सभा अध्यक्ष जवेरीलाल मदाणी, पूर्व अध्यक्ष इंद्रमल चौपड़ा, महेंद्र चौपड़ा, हीरालाल कांकरिया, तेरापंथ युवक परिषद अध्यक्ष राहुल नौलखा, दीपक चौपड़ा, श्रेणिक चौपड़ा, सुरेश खतंग, महावीर गोगड़, अणुव्रत समिति के पूर्व अध्यक्ष कमलेश खारवाल, सुरेश सैन सहित राकेशकुमार चौपड़ा, धर्मेंद्र दवे एवं अमितसिंह राठौड़ समेत अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में अणुव्रत समिति अध्यक्ष घेवरचंद प्रजापत ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।