ब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
समाजसेवी व गौभक्त ठाकुर गंगासिंह चौहान की श्रद्धांजलि सभा में उमड़ा जनसैलाब, सेवाओं को किया याद

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
खारिया (आनावास), 5 अक्टूबर 2026।
पीपाड़ शहर पंचायत समिति की ग्राम पंचायत खारिया (आनावास) में प्रमुख समाजसेवी एवं गौभक्त ठाकुर श्री गंगासिंह जी चौहान के देवलोकगमन पर सोमवार को गंगा प्रसादी के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान ग्रामीणों एवं बाहर से पहुंचे प्रबुद्धजनों ने स्वर्गीय गंगासिंह चौहान को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनकी समाजसेवा एवं गौसेवा के योगदान को याद किया।
ठाकुर गंगासिंह चौहान का गत 25 सितंबर 2026 को 80 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। वे क्षेत्र में समाजसेवा के साथ-साथ गौसेवा के प्रति समर्पित व्यक्तित्व के रूप में अपनी अलग पहचान रखते थे।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों ने चौहान परिवार के सदस्यों सरपंच रामसिंह जी, लक्ष्मण सिंह जी, उम्मेद सिंह जी, देवीसिंह जी, गिरधारी सिंह जी, भंवर सिंह जी, मलमसिंह जी, कानसिंह जी, चंद्रसिंह जी एवं फतेह सिंह जी सहित पूरे चौहान परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
ग्रामीणों ने भेंट किया स्मृति-पत्र
स्वर्गीय गंगासिंह चौहान की सामाजिक एवं गौसेवा के प्रति समर्पण को सम्मान देने के लिए ग्रामीणों की ओर से परिवार को स्मृति-पत्र भेंट किया गया। स्मृति-पत्र में खारिया ठिकाने के चौहान वंश का वंश-वट वृक्ष भी अंकित किया गया, जिसमें 17 पीढ़ियों का उल्लेख किया गया है।
वंशावली में आईदान, धर्मेंद्र सिंह, गंगासिंह जी, मंगल सिंह जी, हेमसिंह जी, भैरोसिंह जी, शिवजी सिंह जी, जेतदास जी, जीवण दास जी, चंद्रभान दास जी, उग्रसेन दास जी, रायलदास जी, हारनाथ सिंह जी, आईदान जी, भोजराज जी (झूंजार), दयालदास जी एवं शेखर राज जी का उल्लेख किया गया।
नशामुक्ति और पर्यावरण संरक्षण का संदेश
श्रद्धांजलि सभा के दौरान सामाजिक जागरूकता का संदेश भी दिया गया। उपस्थित लोगों से कहा गया कि यदि कोई बीड़ी, सिगरेट या गुटखा आदि की मनुहार करे तो स्पष्ट रूप से “ना सा, ना” कहें। वहीं बार-बार चाय, कॉफी या ठंडे की मनुहार होने पर “बस सा, बस” कहने का संदेश दिया गया। लोगों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
स्वर्गीय गंगासिंह चौहान की मधुर स्मृति को स्थायी बनाने के लिए उपस्थित लोगों से नीम का पौधा लगाने का भी निवेदन किया गया। इस पहल के माध्यम से श्रद्धांजलि के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोग
श्रद्धांजलि सभा में खारिया, आनावास, रुणकिया, संभाड़िया, रावनियाना, जालीवाड़ा, नानण, चिरडानी सहित हमीर (सोजत), खांगटा, कपारड़ा, गड़ा (शेरगढ़), टालनपुर और हूंणगांव सहित विभिन्न क्षेत्रों से ग्रामीण एवं गणमान्यजन पहुंचे। सभी ने स्वर्गीय गंगासिंह चौहान के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उनकी सेवाओं और सामाजिक योगदान को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

Subscribe to my channel


