ब्रेकिंग न्यूज़भिवाड़ीराजस्थान
भिवाड़ी नगर परिषद बैठक में विधायक ने सुनी समस्याएं
बिजली-पानी से लेकर सड़क और सीवरेज तक... विधायक बालकनाथ ने अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा
भिवाड़ी। नगर परिषद भिवाड़ी में आयोजित बैठक में विधायक महंत बाबा बालक नाथ योगी ने नवनिर्वाचित सभापति एवं पार्षदों के साथ क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को लेकर विस्तृत चर्चा की। बैठक में शहर में बिजली, पानी, सड़क, सीवरेज सहित अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं पर प्राथमिकता से मंथन किया गया। विधायक बालक नाथ ने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र में आमजन को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने नवनिर्वाचित सभापति एवं पार्षदों से वार्डवार समस्याओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का मौके पर संज्ञान लेकर त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए।
वार्डवार समस्याओं पर हुआ मंथन बैठक के दौरान पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों में बिजली आपूर्ति, पेयजल व्यवस्था, क्षतिग्रस्त सड़कों, जलभराव, सीवरेज व्यवस्था सहित अन्य समस्याओं को विधायक के समक्ष रखा। विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन से जुड़ी समस्याओं के समाधान में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शहर के विकास के लिए जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। पार्षद अपने-अपने वार्डों की समस्याओं को परिषद के माध्यम से अधिकारियों तक पहुंचाएं, ताकि उनका प्राथमिकता के आधार पर निराकरण कराया जा सके। विकास कार्यों में तेजी पर जोर विधायक ने कहा कि भिवाड़ी में विकास कार्यों को गति देने के साथ-साथ नागरिक सुविधाओं को मजबूत करना जरूरी है। सड़क, सीवरेज और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों की नियमित निगरानी की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन क्षेत्रों में समस्याएं अधिक गंभीर हैं, वहां प्राथमिकता से कार्रवाई की जाए।
बैठक में नवनिर्वाचित सभापति एवं पार्षदों के साथ संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के दौरान शहर के समग्र विकास और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

Subscribe to my channel


