धर्मबालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

जसोल में 1 से 7 अक्टूबर तक अणुव्रत उद्बोधन सप्ताह, 4 अक्टूबर को होगा “नशामुक्त परिवार मैराथन 2026”

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग

 

जसोल, 27 सितंबर 2026। अणुव्रत अनुशास्ता आचार्य श्री महाश्रमण जी की आज्ञानुवर्ती वरिष्ठ साध्वी श्री कुंदन प्रभाजी उदासर आदि ठाणा (4) के वर्ष 2026 के चातुर्मास के दौरान सिवांची-मालाणी क्षेत्र के प्रमुख शहर जसोल में अणुव्रत से जुड़े कार्यक्रमों की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।

अणुव्रत समिति जसोल द्वारा आगामी 1 अक्टूबर से 7 अक्टूबर 2026 तक अणुव्रत उद्बोधन सप्ताह मनाया जाएगा। इस दौरान विभिन्न सामाजिक एवं जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी क्रम में रविवार, 4 अक्टूबर 2026 को “नशामुक्त परिवार मैराथन 2026” का आयोजन किया जाएगा। इसी दिन पर्यावरण शुद्धि दिवस भी मनाया जाएगा।

अणुव्रत समिति जसोल के अध्यक्ष श्री महावीरचंद सालेचा ने समिति के अन्य पदाधिकारियों के साथ वरिष्ठ साध्वी श्री कुंदन प्रभाजी से भेंट कर दोनों कार्यक्रमों को उनके सानिध्य में संपन्न कराने का आग्रह किया। साध्वी श्री के आशीर्वचन के बाद कार्यक्रमों की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

समिति के अनुसार 4 अक्टूबर को सुबह 9:15 बजे पर्यावरण शुद्धि दिवस कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके बाद कार्यक्रम के समापन पर साध्वी श्री के मंगल पाठ के साथ अतिथियों द्वारा हरी झंडी दिखाकर नशामुक्त परिवार मैराथन एवं रैली का शुभारंभ किया जाएगा।

नशामुक्ति अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से स्थानीय लोगों और परिवारों को नशामुक्ति संकल्प पत्र भी वितरित किए जा रहे हैं। समिति की ओर से लोगों से नशे से दूर रहने और परिवार को नशामुक्त बनाने का संकल्प लेने की अपील की जा रही है।

अध्यक्ष श्री महावीरचंद सालेचा ने कहा कि जो भी सज्जन अथवा परिवार नशामुक्त होने की घोषणा करेगा, उसका सम्मान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मैराथन और जनजागरण कार्यक्रम के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों के प्रति समाज को जागरूक करने तथा स्वस्थ एवं संस्कारित परिवारों के निर्माण का संदेश दिया जाएगा।

अणुव्रत समिति जसोल की ओर से लोगों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रमों में सहभागिता कर नशामुक्त समाज और स्वच्छ पर्यावरण के संकल्प को मजबूत करने का आह्वान किया गया है।

 

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Related Articles

Back to top button