बीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

तीन दिवसीय ‘बिकाणा मुद्रा महोत्सव’ का भव्य शुभारंभ

देश-विदेश के 60 शहरों से पहुंचे संग्रहकर्ता, 100 से अधिक स्टॉलों पर प्रदर्शित हो रही दुर्लभ मुद्राएं

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी

बीकानेर। इतिहास, संस्कृति और धरोहर को सहेजने तथा नई पीढ़ी को मुद्रा संग्रहण एवं मुद्राशास्त्र से परिचित करवाने के उद्देश्य से बीकानेरा न्यूमिस्मेटिक सोसायटी द्वारा आयोजित तीन दिवसीय ‘बिकाणा मुद्रा महोत्सव’ का शुक्रवार को गंगाशहर रोड स्थित अग्रसेन अग्रवाल भवन में भव्य शुभारंभ हुआ।

महोत्सव में देश-विदेश के लगभग 60 शहरों से आए संग्रहकर्ताओं एवं मुद्रा विशेषज्ञों ने 100 से अधिक स्टॉल लगाए हैं। इन स्टॉलों पर प्राचीन भारतीय मुद्राओं, ब्रिटिशकालीन सिक्कों एवं नोटों, देशी-विदेशी करेंसी तथा दुर्लभ ऐतिहासिक मुद्राओं का आकर्षक प्रदर्शन किया जा रहा है। संग्रहकर्ताओं द्वारा स्थानीय लोगों को इन मुद्राओं के ऐतिहासिक महत्व, विशेषताओं एवं बाजार मूल्य की जानकारी भी दी जा रही है। विशेष बात यह है कि बीकानेर के स्थानीय संग्रहकर्ता भी अपने निजी संग्रह के साथ महोत्सव में उत्साहपूर्वक भागीदारी कर रहे हैं।

महोत्सव का उद्घाटन शहर के महापौर श्री अनिल कल्ला, जिला कलेक्टर श्री निशांत जैन, संभागीय आयुक्त श्री विश्राम मीणा एवं भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती सुमन छाजेड़ ने दीप प्रज्वलित कर किया। सभी अतिथियों ने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया तथा दुर्लभ सिक्कों एवं नोटों के संग्रह को देखकर विशेष रुचि दिखाई।

इस अवसर पर जिला कलेक्टर श्री निशांत जैन ने कहा कि बीकानेर में मुद्राशास्त्र से जुड़ा इतना बड़ा आयोजन होना गौरव की बात है। इस तरह के आयोजन इतिहास एवं हमारी सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

संभागीय आयुक्त श्री विश्राम मीणा ने आयोजकों को इस अनूठे आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि इतने व्यापक स्तर पर इस तरह का आयोजन करना सराहनीय प्रयास है। भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती सुमन छाजेड़ ने विभिन्न शहरों से आए स्टॉलधारकों से मुलाकात कर उनका बीकानेर की धरा पर स्वागत एवं अभिनंदन किया।

महोत्सव का विशेष आकर्षण बांग्लादेश से आए संग्रहकर्ता मोहम्मद कमरूल इस्लाम रहे, जिन्होंने भारत एवं हिंदुत्व से जुड़ी ऐतिहासिक वस्तुओं का प्रदर्शन किया तथा उनकी विशेषताओं की जानकारी दी। उन्होंने बीकानेर के प्रशासनिक अतिथियों को बांग्लादेश के कुछ सिक्के एवं करेंसी नोट स्मृति-चिह्न के रूप में भेंट किए।

आयोजक श्री किशनलाल सोनी ने बताया कि महोत्सव के प्रथम दिन शानदार उत्साह देखने को मिला। पहले ही दिन लगभग 2,500 लोगों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में विशेष रूप से ब्रिटिशकालीन करेंसी नोटों एवं सिक्कों के संग्रह ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

बीकानेरा न्यूमिस्मेटिक सोसायटी के सचिव सुधीर लुणावत ने बताया कि प्रथम दिन चार विद्यालयों के लगभग 250 विद्यार्थी भी प्रदर्शनी देखने पहुंचे। विद्यार्थियों ने विभिन्न ऐतिहासिक सिक्कों एवं नोटों के बारे में जानकारी प्राप्त की और मुद्रा संग्रहण के महत्व को समझा। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों एवं आमजन में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शाम को एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें ऑनलाइन धोखाधड़ी तथा सिक्कों एवं नोटों की खरीद-बिक्री के नाम पर होने वाले साइबर फ्रॉड से बचने के उपाय बताए गए। आमजन को ऐसे फर्जी ऑनलाइन ऑफर्स एवं ठगी से सतर्क रहने के लिए जागरूक किया गया।

बीकानेर के वरिष्ठ मुद्रा संग्रहकर्ता श्री जसवंत सिंह पारख ने इस आयोजन को शहर के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बीकानेर को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाते हैं। उन्होंने आयोजक टीम को सफल शुरुआत के लिए बधाई दी तथा भविष्य में भी इस तरह के आयोजन निरंतर करने की अपेक्षा जताई।

पुरातात्विक महत्व की वस्तुओं के संग्रहकर्ता श्री उमेश मोदी ने कहा कि यह हमारे लिए खुशी की बात है कि देश के इतने बड़े मुद्रा महोत्सव की मेजबानी करने का अवसर बीकानेर को मिला है।

आयोजन समिति के सदस्य श्री कन्हैया लाल सोनी ने देश के विभिन्न शहरों से आए अतिथियों एवं संग्रहकर्ताओं के भोजन और आवास की व्यवस्थाओं का कुशलतापूर्वक दायित्व संभाला। वहीं बीकानेर के वरिष्ठ मुद्रा संग्रहकर्ता श्री भारत भूषण गुप्ता ने युवा टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए इतने भव्य आयोजन के लिए बधाई दी।

डूंगर कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डॉ. इंद्र सिंह राजपुरोहित ने प्रदर्शनी में पहुंचे स्कूली विद्यार्थियों को भारतीय सिक्कों एवं नोटों के ऐतिहासिक महत्व तथा उनके संरक्षण की आवश्यकता के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

तीन दिवसीय बिकाणा मुद्रा महोत्सव के पहले ही दिन उमड़ी भारी भीड़ और संग्रहकर्ताओं के उत्साह ने यह साबित कर दिया कि बीकानेर में इतिहास, विरासत और मुद्राशास्त्र के प्रति लोगों में गहरी रुचि है।

Dr Ram Dayal Bhati

Editor Rajasthan Mobile Number 97848 14914

Dr Ram Dayal Bhati

Editor Rajasthan Mobile Number 97848 14914

Related Articles

Back to top button