उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां तेज, प्रचार सामग्री और चुनावी सुविधाओं की दरें तय करने को लेकर कलेक्ट्रेट में बैठक

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में निर्वाचन के दौरान प्रत्याशियों द्वारा उपयोग की जाने वाली प्रचार सामग्री, मंच, पंडाल एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की दरों के निर्धारण को लेकर कलेक्ट्रेट में बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी ज्ञान चन्द्र गुप्ता ने अपने चेंबर कक्ष में की। बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ निर्वाचन प्रचार के दौरान इस्तेमाल होने वाली सामग्रियों एवं सुविधाओं की दरों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस दौरान चुनाव प्रचार में उपयोग होने वाले मंच, पंडाल, कुर्सी, टेबल, साउंड सिस्टम, वाहन सहित अन्य प्रचार संसाधनों की दरों के निर्धारण को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
अपर जिलाधिकारी ज्ञान चन्द्र गुप्ता ने कहा कि निर्वाचन के दौरान प्रत्याशियों द्वारा किए जाने वाले खर्च का सही एवं पारदर्शी लेखा-जोखा सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न मदों की दरों का नियमानुसार निर्धारण आवश्यक है। निर्धारित दरों के आधार पर ही प्रत्याशियों के निर्वाचन व्यय का आकलन किया जाएगा।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि दरों के निर्धारण से जुड़ी आवश्यक कार्यवाही समय से पूरी की जाए, ताकि विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दौरान निर्वाचन व्यय की निगरानी एवं लेखा-जोखा पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में मुख्य कोषाधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी विमल शुक्ला, एआरटीओ धर्मेंद्र कुमार, उप जिलाधिकारी राजेश यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


