बीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
गंदगी के ढेर, टूटी सड़कें और जलभराव का संकट:
पार्षद की निष्क्रियता और निगम की अनदेखी का शिकार बना बीकानेर का वार्ड 47

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी
बीकानेर। नगर निगम चुनाव के बाद गंगाशहर स्थित वार्ड क्र. 47 की जनता खुद को ठगा सा महसूस कर रही है
वार्ड के मुख्य मार्गों से लेकर अंदरूनी गलियों तक बदहाली का ऐसा आलम है कि स्थानीय नागरिकों का आम जन जीवन नारकीय बन चुका है।
वार्ड की मुख्य सड़कों और व्यस्त चौराहों पर कचरे के बड़े-बड़े ढेर लगे हुए हैं। इन कचरे के ढेरों पर मंडराते आवारा पशुओं के कारण न केवल राहगीरों को आवागमन में भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है, बल्कि हर वक्त दुर्घटनाओं का अंदेशा भी बना रहता है
स्थानीय निवासियों के अनुसार, सफाई व्यवस्था कागजों तक सिमट कर रह गई है और जिम्मेदार अधिकारी इस ओर आंखें मूंदकर बैठे हैं।
मुख्य मार्गों से बदतर स्थिति वार्ड की गलियों की है, जहां पैदल चलना भी दू:भर हो गया है
वार्ड के सुराणा मोहल्ले के लोगों ने अपना दर्द बयां करते हुए बताया कि कुछ समय पूर्व इलाके में सीवर लाइन डालने के नाम पर पूरी गली की पक्की सड़क खोद दी गई थी। कार्य पूरा होने के बाद विभाग या ठेकेदार ने सुध लेने की जहमत नहीं उठाई और गड्ढों में सिर्फ मिट्टी डालकर इतिश्री कर ली। नतीजतन, बरसात के मौसम में वह मिट्टी पूरी तरह बह गई और अब सड़कों पर जानलेवा बड़े-बड़े गड्ढे बन चुके हैं। आए दिन वाहन चालक इन गड्ढों में गिरकर चोटिल हो रहे हैं।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि वे इस विकट समस्या को लेकर कई बार स्थानीय वार्ड पार्षद और नगर निगम के अधिकारियों के चक्कर काट चुके हैं, लेकिन हर बार उन्हें केवल कोरे आश्वासन ही मिले।
समस्याओं के समाधान के नाम पर धरातल पर कोई काम नहीं हुआ, जिससे नागरिकों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है।
वार्डवासियों ने अब जिला प्रशासन और नगर निगम के उच्च अधिकारियों से पुरजोर मांग की है कि इस गंभीर मामले का संज्ञान लिया जाए। जनता ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द से जल्द टूटी सड़कों का निर्माण और वार्ड में नियमित सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई, तो उन्हें मजबूरन आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।

Subscribe to my channel


