बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

जिला स्तरीय आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान

अतिरिक्त जिला कलक्टर ने कहा - आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य और पोषण की मजबूत कड़ी

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग

 

बालोतरा, 25 सितंबर। विकसित भारत-जन सेवा अभियान के तहत शुक्रवार को जिला मुख्यालय स्थित वंदे भारत पार्क में जिला स्तरीय आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं आशा सहयोगिनियों ने रंगोली, पौष्टिक पोषाहार, संतुलित भोजन एवं श्री अन्न से निर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी लगाकर आमजन को स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी जानकारी दी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं आशा सहयोगिनी सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों एवं गर्भवती माताओं के स्वास्थ्य, पोषण तथा जागरूकता के क्षेत्र में इनके कार्य का सीधा प्रभाव समाज पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केन्द्र केवल पोषण उपलब्ध कराने का स्थान नहीं, बल्कि बच्चों के प्रारंभिक विकास और मातृ-शिशु स्वास्थ्य जागरूकता के महत्वपूर्ण केन्द्र हैं। उन्होंने कहा कि संतुलित आहार और पौष्टिक पोषाहार को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में परिवारों को पोषण, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने में सक्रिय भूमिका निभाएं। अतिरिक्त जिला कलक्टर ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं आशा सहयोगिनियों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न पौष्टिक व्यंजनों की जानकारी ली तथा भोजन का स्वाद भी चखा। उन्होंने उपस्थित लोगों को लड्डू खिलाकर पोषण एवं स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया।

कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं आशा सहयोगिनियों ने अपने कार्य अनुभव साझा किए। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं आशा सहयोगिनियों को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के शुभकामना संदेश, प्रमाण-पत्र एवं तुलसी का पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष अमराराम, पूर्व सभापति सुमित्रा जैन एवं महिला मोर्चा अध्यक्ष विजयलक्ष्मी सहित महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं एवं आशा सहयोगिनियां उपस्थित रहीं।

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Related Articles

Back to top button