उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
नगर बाजार में मुख्य राजस्व अधिकारी का औचक निरीक्षण, सफाई और विकास कार्यों की जानी जमीनी हकीकत

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 03 सितम्बर 2026। नगर पंचायत नगर बाजार में नागरिक सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति एवं विकास परियोजनाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लेने के लिए गुरुवार को प्रातः 6 बजे मुख्य राजस्व अधिकारी एवं प्रभारी अधिकारी (नगरीय निकाय) कीर्ति प्रकाश भारती ने उप जिलाधिकारी राजेश कुमार यादव के साथ औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने विभिन्न वार्डों में सफाई व्यवस्था, कूड़ा कलेक्शन, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, पेयजल सुविधाओं तथा निर्माणाधीन परियोजनाओं का मौके पर निरीक्षण किया।
निरीक्षण की शुरुआत वार्ड संख्या-2 संत रविदास नगर से हुई। अधिकारियों ने सार्वजनिक एवं सामुदायिक शौचालयों की साफ-सफाई तथा उनकी कार्यशीलता का जायजा लिया। इसके बाद रैन बसेरा और स्थानीय मंदिर की ओर जाने वाले प्रमुख मार्ग का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने वार्ड में संचालित डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन एवं कचरा पृथक्करण व्यवस्था की भी जानकारी ली। इस दौरान स्थानीय नागरिकों से सीधे संवाद कर नगर पंचायत की ओर से उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का फीडबैक लिया गया तथा उनकी समस्याओं के शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया गया।
इसके बाद अधिकारियों ने सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के तहत संचालित एमआरएफ सेंटर का गहन निरीक्षण किया। सेंटर पर कचरे की छंटाई एवं निस्तारण की प्रक्रिया की जांच करते हुए जिम्मेदार कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के अगले चरण में वार्ड संख्या-9 के मुख्य मार्ग एवं प्रमुख बाजार क्षेत्र का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने नियमित झाड़ू लगाने, बड़े नालों की तलीझाड़ सफाई तथा सार्वजनिक वॉटर कूलरों की कार्यशीलता की जांच की। नागरिकों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की व्यवस्था को भी बारीकी से परखा गया।
आगामी मौसम एवं जल निकासी की समस्या को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों ने क्षेत्र में संभावित जलभराव वाले संवेदनशील स्थलों का चिन्हांकन कर स्थिति की समीक्षा की। साथ ही नगर क्षेत्र में चल रहे नाला निर्माण कार्य का भौतिक सत्यापन किया गया। निर्माण में प्रयुक्त सामग्री, कार्य की गुणवत्ता और प्रगति की जांच करते हुए संबंधित ठेकेदार एवं तकनीकी अधिकारियों को गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने तथा निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के सख्त निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत नगर बाजार सृष्टि सिंह एवं मंडल कार्यक्रम प्रबंधक (स्वच्छ भारत मिशन नगरीय) अमरेंद्र प्रताप सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के अंत में मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती ने नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी एवं सफाई नायकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रातःकालीन सफाई व्यवस्था और प्रत्येक घर से नियमित कूड़ा कलेक्शन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सार्वजनिक स्थलों पर नियमित स्वच्छता बनाए रखने के साथ-साथ नागरिकों के लिए शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करना भी अनिवार्य होगा।

Subscribe to my channel


