बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजनीतिराजस्थान
हर वार्ड में मजबूत तैयारी, जनता के विश्वास से बनाएंगे बोर्ड – प्रेम ओड रामदेवरा
प्रेस वार्ता में सिवाना में भाजपा का बड़ा दावा 25 की 25 सीटें जीतने किया

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
सिवाना। नगर निकाय चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने सिवाना नगरपालिका क्षेत्र में चुनावी तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में बुधवार को भाजपा चुनाव प्रभारी प्रेम ओड रामदेवरा के नेतृत्व में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में भाजपा जिला प्रवक्ता सोहनसिंह भायल एवं मंडल अध्यक्ष जगदीश सिंह राजपुरोहित भी मौजूद रहे। इस दौरान पार्टी की चुनावी तैयारियों, टिकट वितरण, संगठनात्मक रणनीति और वार्ड स्तर पर चल रही गतिविधियों को लेकर विस्तार से जानकारी दी गई।
भाजपा चुनाव प्रभारी प्रेम ओड रामदेवरा ने कहा कि पार्टी सिवाना नगरपालिका के सभी 25 वार्डों में पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरी है और भाजपा 25 की 25 सीटों पर जीत दर्ज कर नगरपालिका में अपना बोर्ड बनाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी ने प्रत्याशियों के चयन में स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता, जनता के बीच उनकी स्वीकार्यता, जीत की संभावनाओं के साथ-साथ सभी वर्गों और सामाजिक एवं जातीय समीकरणों को ध्यान में रखा है।
प्रेम ओड रामदेवरा ने कहा कि भाजपा में टिकट वितरण को लेकर पारदर्शी प्रक्रिया अपनाई गई है। पार्टी ने ऐसे कार्यकर्ताओं और मजबूत चेहरों को प्राथमिकता दी है, जो लंबे समय से संगठन के लिए कार्य कर रहे हैं और अपने-अपने वार्ड में जनता के बीच सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का उद्देश्य केवल चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि प्रत्येक वार्ड में मजबूत संगठन खड़ा कर जनता के विश्वास को जीतना है।
उन्होंने कहा कि सिवाना के प्रत्येक वार्ड में भाजपा कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा और अनुशासन के साथ चुनाव अभियान में जुट गए हैं। बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत किया जा रहा है और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है।
चुनाव प्रभारी ने कहा कि भाजपा विकास, सुशासन और जनहित के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे आपसी समन्वय के साथ प्रत्येक बूथ और प्रत्येक वार्ड में पार्टी को मजबूत करें तथा अधिक से अधिक लोगों को भाजपा की नीतियों और सरकार की योजनाओं से अवगत करवाएं।
प्रेस वार्ता के दौरान जिला प्रवक्ता सोहनसिंह भायल ने भी पार्टी की चुनावी तैयारियों को लेकर जानकारी दी। मंडल अध्यक्ष जगदीश सिंह राजपुरोहित ने संगठन के स्तर पर किए जा रहे कार्यों और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर प्रकाश डाला।
प्रेम ओड रामदेवरा ने विश्वास जताया कि सिवाना की जनता भाजपा के विकास और सुशासन के संकल्प पर भरोसा जताते हुए नगर निकाय चुनाव में भाजपा के पक्ष में जनादेश देगी और 25 में से 25 वार्डों में भाजपा प्रत्याशियों को विजयी बनाएगी।

Subscribe to my channel

