LIVE TVअपराधखैरथल- तिजाराब्रेकिंग न्यूज़भिवाड़ीराजस्थान

इश्क, इल्जाम और इंतकाम: 3 दिन की हैवानियत ने छीनी स्टेट लेवल खिलाड़ी मोनू की जिंदगी हमेशा के लिए

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा

 

खैरथल-तिजारा/भिवाड़ी।

भिवाड़ी के सैदपुर गांव का होनहार वॉलीबॉल खिलाड़ी मोनू अब सिर्फ एक नाम नहीं, बल्कि रिश्तों की आड़ में पनपी नफरत और कथित ‘ऑनर’ की आग में बुझी एक दर्दनाक कहानी बन चुका है। 21 वर्षीय खिलाड़ी की मौत ने हर किसी को झकझोर दिया है। जिस युवक ने मैदान में मेडल जीते, वही तीन दिनों तक कथित कैद, बेरहम पिटाई और यातना झेलने के बाद जिंदगी की जंग हार गया।

परिजनों के अनुसार मोनू का फरीदाबाद के तिगांव क्षेत्र की एक नाबालिग लड़की से पिछले आठ महीनों से प्रेम संबंध था। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं, लेकिन रिश्तेदारी के कारण लड़की का परिवार इस रिश्ते के खिलाफ था। मामला तब और भड़क गया जब करीब एक महीने पहले लड़की घर छोड़कर चली गई और मोनू पर अपहरण का मुकदमा दर्ज करा दिया गया। हालांकि लड़की बाद में दिल्ली से मिल गई थी, लेकिन दोनों परिवारों के बीच तनाव खत्म नहीं हुआ।

17 मई की सुबह मोनू यह कहकर घर से निकला कि वह पुलिस जांच में शामिल होने फरीदाबाद जा रहा है। परिजनों का आरोप है कि वहां पहुंचते ही लड़की के परिजनों ने उसे रास्ते से उठा लिया। इसके बाद उसे खेतों के बीच बने एक मकान और ट्यूबवेल पर बंधक बनाकर रखा गया।

आरोप है कि मोनू को लगातार तीन दिनों तक डंडों और लाठियों से पीटा गया। उसके शरीर पर ऐसी बेरहमी बरती गई कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट भी दहलाने वाली निकली। रिपोर्ट में सिर और नाक की हड्डियां टूटी मिलीं, पसलियां फेफड़ों में धंसी हुई थीं और शरीर पर गहरे जख्मों के निशान पाए गए।

बताया जा रहा है कि हालत बिगड़ने पर आरोपी उसे सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए और बाद में पुलिस को सूचना दी गई। घटना के बाद पूरे सैदपुर गांव में शोक और गुस्से का माहौल है। गांव के लोग इसे सुनियोजित हत्या बता रहे हैं।

फरीदाबाद पुलिस ने इस मामले में 3 महिलाओं समेत 15 लोगों के खिलाफ हत्या, अपहरण और अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।

मोनू की मौत ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर रिश्तों और तथाकथित सम्मान के नाम पर इंसान कब तक कानून हाथ में लेते रहेंगे।

Viyasmani Tripaathi

Cheif editor Mobile no 9795441508/7905219162

Related Articles

Back to top button