बस्ती, 11 मार्च 2026 (सू.वि.) — मंडलायुक्त एवं रोल प्रेक्षक अखिलेश सिंह 12 मार्च 2026 (गुरुवार) को निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्य का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान उनका जनपद संतकबीर नगर और बस्ती का दौरा निर्धारित है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मंडलायुक्त अखिलेश सिंह पूर्वान्ह 09:30 बजे से अपरान्ह 01:30 बजे तक संतकबीर नगर में विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के मतदाता पंजीकरण केंद्रों का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद वे अपरान्ह 02:30 बजे से सायं 06:00 बजे तक बस्ती में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के मतदाता पंजीकरण केंद्रों का निरीक्षण करेंगे।
निरीक्षण के दौरान वे मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करेंगे और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी देंगे। प्रशासन के अनुसार इस निरीक्षण का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि पात्र मतदाताओं के नाम सूची में जोड़े जा सकें और गलतियों को समय रहते ठीक किया जा सके।