बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानस्वास्थ्य
सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ रोटरी की मुहिम: एडीएम चौहान ने किया ‘द इम्पैक्ट रन’ के पोस्टर का विमोचन
पल्स पोलियो उन्मूलन की तर्ज पर महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूक करेगा रोटरी, एडीएम ने धरातल पर सार्थक बदलाव लाने पर दिया जोर

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
बालोतरा।
महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जन-जागरूकता लाने के उद्देश्य से रोटरी क्लब बालोतरा द्वारा आयोजित होने वाली आगामी मैराथन ‘द इम्पैक्ट रन’ के पोस्टर का विमोचन अतिरिक्त जिला कलेक्टर (एडीएम) श्री भुवनेश्वर चौहान ने किया। रोटरी क्लब के एक प्रतिनिधिमंडल ने उनके कार्यालय पहुंचकर उन्हें इस विशाल दौड़ का शुभारंभ (फ्लैग ऑफ) करने हेतु विधिवत आमंत्रित किया।
रोटरी क्लब सचिव सी.ए. अभिषेक जिंदल ने एडीएम को आयोजन की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि जिस प्रकार रोटरी ने विश्व स्तर पर पल्स पोलियो उन्मूलन में अपनी ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी, ठीक उसी तर्ज पर अब सर्वाइकल कैंसर से बचाव, इसके शीघ्र निदान और रोकथाम के लिए यह विशेष स्वास्थ्य अभियान शुरू किया गया है।
इस अभिनव स्वास्थ्य पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए एडीएम श्री भुवनेश्वर चौहान ने कहा कि ऐसे जन-जागरूकता आयोजनों की सच्ची सार्थकता तभी है, जब इसका धरातल पर वास्तविक प्रभाव नजर आए। उन्होंने रोटरी सदस्यों से इस बात पर विशेष जोर देने का आह्वान किया कि अभियान के माध्यम से अधिकाधिक बालिकाओं और महिलाओं को इस बीमारी, इसके बचाव के तरीकों तथा टीकाकरण के प्रति जागरूक कर उन्हें सीधे तौर पर लाभान्वित किया जाए।
इस अवसर पर रोटरी क्लब अध्यक्ष रोटेरियन हितेंद्र छाजेड़ ने इस वृहद जन-जागरूकता अभियान की सफलता और व्यापक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए एडीएम से सकारात्मक प्रशासनिक सहयोग व मार्गदर्शन का आग्रह किया।
क्लब के मीडिया प्रमुख सी.ए. ओमप्रकाश बांठिया ने जानकारी देते हुए बताया कि पोस्टर विमोचन के इस गरिमापूर्ण अवसर पर क्लब उपाध्यक्ष भरत गोलेछा, कोषाध्यक्ष शांतिलाल हुंडिया और रोटेरियन विमल मालवीय प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


