अलवरधर्मब्रेकिंग न्यूज़मनोरंजनराजस्थान
राम जन्म का कारण, नारद मोह की आकर्षक लीला का मनमोहक प्रदर्शन

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा
अलवर 9 अक्टूबर 2026।
पारसी शैली आधारित विश्वविख्यात संस्था श्री राजर्षि अभय समाज के विशाल रंगमंच पर 111वें वर्ष की द्वितीय दिवस की श्रीरामलीला का भव्य मंचन किया गया।
आज की श्रीरामलीला में राम जन्म का कारण, नारद मोह की लीला का प्रभावी मंचन किया गया।
राम जन्म का कारण एवं नारद मोह की लीला में प्रभु श्रीराम के अवतरण के कारणों और भगवान नारायण के द्वारा अपने भक्त देवर्षि नारद जी को विश्व मोहिनी पर मोहित करवाकर स्वयं श्रापित होने की अविस्मरणीय लीला को प्रदर्शित किया गया।
नारद मोह की लीला में भगवान नारायण ने देवर्षि नारद जी को वानर का मुख प्रदान किया, जिससे कुपित होकर नारद जी ने भगवान नारायण को श्राप देते हुए कहा कि “बंदर का मुखड़ा दिया मुझे,तो कष्ट हरेगे बंदर ही,जब तुम पर विपदा आएगी,कल्याण करेंगे बंदर ही।”
भगवान नारायण ने अपनी माया से नारद जी के द्वारा दिए गए श्राप को सहर्ष स्वीकार किया।
देवर्षि नारद जी के उस श्राप के कारण ही माता सीता का रावण के द्वारा हरण करने के बाद सुग्रीव, हनुमान जी, अंगद सहित संपूर्ण वानर सेना द्वारा ही माता सीता की खोज की गई और लंका पर विजय प्राप्त की जा सकी।
आज के प्रदर्शन में वेद शर्मा ने देवर्षि नारद, गोपाल ने कामदेव, कुमारी वेणी ने कामदेव की पत्नी रति, लालदेव,कालादेव में जसवंत सैनी, प्रेम सिंह राठौड़ ने अपने अभिनय से दर्शकों को प्रभावित किया।
श्रीरामलीला के संपूर्ण प्रदर्शन में श्रीरामचरितमानस की चौपाइयों का गायन संस्था के संरक्षक,पूर्व महानिदेशक श्री महेश चंद शर्मा द्वारा अपनी मधुरवाणी से किया जा रहा हैं।
आज की श्रीरामलीला के प्रायोजक प्रसिद्ध व्यवसायी एवं समाजसेवी श्री कमल झिरीवाल जी, श्री राजन जी, नगर निगम अलवर के नवनिर्वाचित पार्षद श्री चंद्रकांत शर्मा जी उपस्थित रहे।
संस्था के अध्यक्ष सहित संरक्षक, पदाधिकारी, सदस्य, कलाकार एवं स्वयंसेवकों द्वारा अतिथियों का भव्य एवं भावभीना स्वागत – सम्मान किया गया।
सभी अतिथियों एवं दर्शकों ने प्रभु श्रीराम की मनमोहक लीलाओं का भावपूर्ण आनंद लिया।
श्रीरामलीला के समापन के बाद सभी को प्रसाद वितरण किया गया।
देवराज शर्मा
प्रचार मंत्री
श्री राजर्षि अभय समाज अलवर
9413024200

Subscribe to my channel


