बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानशिक्षा
नीट परीक्षा में सफलता पर हरिश्चंद्र परिहार का सम्मान, आयुर्वेद महाविद्यालय में लिया प्रवेश

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
बालोतरा। नीट परीक्षा में सफलता अर्जित कर राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय, केकड़ी (अजमेर) में बैचलर ऑफ आयुर्वेदिक मेडिसिन एंड सर्जरी (बीएएमएस) पाठ्यक्रम में प्रवेश प्राप्त करने पर हरिश्चंद्र पुत्र सुरेश कुमार परिहार का स्वागत एवं सम्मान समारोह नेहरू कॉलोनी परिसर में आयोजित किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने हरिश्चंद्र को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह में पेंशनर समाज के वरिष्ठ उपाध्यक्ष महेश कुमार राठौड़ ने साफा पहनाकर हरिश्चंद्र का सम्मान किया। वहीं, पुरस्कृत शिक्षक फोरम बालोतरा-बाड़मेर के संरक्षक सालगराम परिहार ने माला पहनाकर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर जीताराम मकवाना ने नगद पुरस्कार देकर उनका मनोबल बढ़ाया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सालगराम परिहार ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल उन्हें पहचानने, तराशने और उचित मार्गदर्शन देने की है। सही दिशा और निरंतर प्रोत्साहन मिलने पर ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थी भी अपने लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं और सफलता के नए आयाम स्थापित कर सकते हैं।
इस अवसर पर अध्यापक अमृतलाल, ललित परिहार, दिव्यांशु मकवाना, रुद्र राणावत, गंगा परिहार एवं चनणी देवी ने हरिश्चंद्र की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी।
नवचयनित प्रशिक्षु डॉक्टर हरिश्चंद्र ने कहा कि कड़ी मेहनत और नियमित अध्ययन से सफलता प्राप्त की जा सकती है। विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर निरंतर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मेहनत के बल पर मंजिल हासिल कर माता-पिता के सपनों को साकार किया जा सकता है।
समारोह में उपस्थित लोगों ने हरिश्चंद्र की उपलब्धि को क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Subscribe to my channel


