उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़शिक्षा
बस्ती में छात्रों को पॉक्सो अधिनियम-2012 की दी गई जानकारी, अपराध से बचाव के बताए उपाय

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 28 सितम्बर 2026। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ एवं माननीय जनपद न्यायाधीश के निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बस्ती के तत्वावधान में श्रीकृष्ण पाण्डेय इंटर कॉलेज, बस्ती में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालयों के प्रधानाचार्यों की मौजूदगी में छात्र-छात्राओं को पॉक्सो अधिनियम-2012 के संबंध में सरल एवं सही जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों एवं युवाओं को पॉक्सो अधिनियम के प्रावधानों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें यौन अपराधों से बचाव के प्रति सजग बनाना रहा। विद्यार्थियों को बताया गया कि कानून की सही जानकारी होने से वे अज्ञानता के कारण किसी गंभीर अपराध में शामिल होने से बच सकते हैं और अपराध का शिकार होने की स्थिति में उचित कदम उठा सकते हैं।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य योगेश कुमार शुक्ल, विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट)/नोडल अधिकारी अनिल कुमार, प्रभारी सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शुभम द्विवेदी, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देवेन्द्र कुमार, न्यायिक अधिकारी पीयूष कुमार एवं सुश्री आभा रानी ने छात्र-छात्राओं को पॉक्सो अधिनियम-2012 से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को बाल संरक्षण, सुरक्षित एवं असुरक्षित व्यवहार तथा किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक अथवा संदिग्ध स्थिति में विश्वसनीय व्यक्ति एवं संबंधित अधिकारियों को जानकारी देने के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया।
अधिकारियों ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा के लिए कानून की जानकारी के साथ-साथ जागरूकता और सतर्कता भी आवश्यक है। इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपने अधिकारों एवं कानूनी संरक्षण के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Subscribe to my channel


