बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानशिक्षा
आदर्श विद्या मंदिर जसोल में मातृ सम्मेलन आयोजित, माताओं को बच्चों के संस्कार व मोबाइल की लत से बचाव के प्रति किया जागरूक

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
जसोल, 19 सितम्बर 2026। आदर्श विद्या मंदिर उच्च प्राथमिक जसोल में शनिवार को मातृ सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता श्रीमती राजकुमारी जी मानधना रहीं, जबकि अध्यक्षता श्रीमती रिंकू जी ने की। अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर वंदना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में प्रधानाचार्य द्वारा उपस्थित अतिथियों का परिचय करवाया गया। इसके बाद शिशुवाटिका के भैया-बहनों ने कविता पाठ, ‘My Self’, अंग्रेजी कविता, Verb सहित विभिन्न प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
मुख्य वक्ता श्रीमती राजकुमारी जी मानधना ने बच्चों के जीवन में मां की भूमिका और दायित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बच्चों के संस्कार, व्यक्तित्व निर्माण और रुचियों को विकसित करने में माता की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने ‘स्व’ के बोध, वर्तमान संस्कृति में विज्ञान के महत्व तथा बच्चों की रुचि जागृत करने के विभिन्न उपायों की जानकारी दी।
उन्होंने मकर संक्रांति पर तिल के सेवन के महत्व, स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग तथा भारतीय वेशभूषा के संबंध में भी जानकारी दी। कहानी के माध्यम से बच्चों में बढ़ती मोबाइल की लत के दुष्प्रभावों को समझाते हुए बच्चों को मोबाइल से दूर रखने के उपायों पर भी चर्चा की गई।
कार्यक्रम में उपस्थित माताओं के लिए प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया गया, जिसमें उन्होंने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विजेता माताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में रक्षा जी ने सभी अतिथियों, माताओं एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया। शांति मंत्र के साथ मातृ सम्मेलन का समापन हुआ।

Subscribe to my channel


