उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़व्यापारस्वास्थ्य
बाढ़ के पानी में मिली अज्ञात मछलियों को लेकर मत्स्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी
पहचान और खाद्य-सुरक्षा जांच पूरी होने तक क्रय-विक्रय व सेवन से बचने की अपील

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 2 सितंबर 2026। नेपाल में आई बाढ़ के कारण घाघरा, कुआनो सहित जनपद की विभिन्न नदियों में बाढ़ का पानी पहुंचने के बाद कुछ क्षेत्रों में अज्ञात एवं असामान्य मछलियां पाए जाने की सूचना सामने आई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए मत्स्य विभाग द्वारा इन मछलियों की पहचान और खाद्य-सुरक्षा संबंधी जांच कराई जा रही है।
उप निदेशक मत्स्य ने जानकारी देते हुए बताया कि इन मछलियों में गूंच/गोइता कैटफिश जैसी प्रजातियां होने की संभावना व्यक्त की जा रही है। हालांकि, इनकी वैज्ञानिक पहचान अभी विशेषज्ञों द्वारा की जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि गूंच मछली अपने आप में जहरीली नहीं है और इसे नेपाल से आई कोई नई अथवा विदेशी मछली मानना उचित नहीं होगा।
बाढ़ के पानी से आई मछलियों की खाद्य सुरक्षा बनी चिंता
मत्स्य विभाग के अनुसार वर्तमान में मुख्य चिंता बाढ़ के पानी से पकड़ी गई अज्ञात मछलियों की खाद्य सुरक्षा को लेकर है। बाढ़ के दौरान मछलियां दूषित पानी, सीवेज, मृत जीवों तथा अन्य प्रदूषकों के संपर्क में आ सकती हैं। ऐसे में इन मछलियों को खाने से पहले उनकी पहचान और खाद्य-सुरक्षा संबंधी जांच आवश्यक है।
विभाग ने की जनसामान्य से अपील
मत्स्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि बाढ़ के पानी से पकड़ी गई अज्ञात अथवा असामान्य मछलियों का क्रय, विक्रय एवं सेवन जांच पूरी होने तक न करें। साथ ही सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही अपुष्ट सूचनाओं और अफवाहों पर विश्वास न करने की सलाह दी गई है।
विभाग द्वारा पूरे मामले पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा आवश्यक वैज्ञानिक एवं खाद्य-सुरक्षा आकलन कराया जा रहा है। अधिकारियों ने कहा कि जनस्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए आमजन का सहयोग बेहद महत्वपूर्ण है।
Subscribe to my channel


