बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानस्वास्थ्य
महावीर इंटरनेशनल बालोतरा के शिविर में 37 मरीजों की हड्डी रोग जांच, विशेषज्ञ ने दिया परामर्श

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
बालोतरा। महावीर इंटरनेशनल बालोतरा एवं महावीर डागा हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में न्यू डागा हॉस्पिटल, इंडस्ट्रियल एरिया में विशाल हड्डी रोग जांच एवं परामर्श शिविर आयोजित किया गया। शिविर में अहमदाबाद स्थित सरस्वती मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल के हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. विजय बंग ने मरीजों की जांच कर आवश्यक उपचार एवं परामर्श प्रदान किया।
शिविर के दौरान हड्डी रोगों से संबंधित 37 मरीजों की जांच की गई। विशेषज्ञ चिकित्सक ने मरीजों की समस्याओं को सुनकर उन्हें उचित उपचार, सावधानियों एवं आगे की चिकित्सा के संबंध में आवश्यक परामर्श दिया।
महावीर इंटरनेशनल की ओर से संरक्षक पारसमल भंडारी एवं अंतरराष्ट्रीय पूर्व उपाध्यक्ष सीए ओम प्रकाश बांठिया ने स्वागत भाषण में डॉ. विजय बंग की सेवाओं की सराहना की। उन्होंने शिविर में अपना महत्वपूर्ण समय देकर जरूरतमंद मरीजों को चिकित्सा परामर्श प्रदान करने के लिए डॉ. बंग के प्रति आभार व्यक्त किया।
खूबचंद महावीरचंद डागा चेरिटेबल ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी शांतिलाल डागा ने कहा कि डागा हॉस्पिटल के माध्यम से डॉ. विजय बंग द्वारा प्रदान की गई सेवाएं अनुकरणीय हैं। उन्होंने चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में इस प्रकार के शिविरों को जरूरतमंद लोगों के लिए उपयोगी बताया।
महावीर इंटरनेशनल बालोतरा के केंद्र चेयरमैन जवाहरलाल हुडिया ने बताया कि शिविर में कुल 37 मरीजों की हड्डी संबंधी जांच कर उपचार एवं परामर्श दिया गया। वहीं जोन चेयरमैन महेंद्र चोपड़ा एवं पूर्व अध्यक्ष जवेरीलाल मेहता ने शिविर के सफल आयोजन के लिए सभी सहयोगियों का आभार जताया।
शिविर में महावीर इंटरनेशनल के कोषाध्यक्ष महावीर बोकाडिया, उमाराम पटेल, अरुण श्रीवास्तव सहित अन्य सदस्यों ने सेवाएं दीं। वहीं डागा हॉस्पिटल की ओर से ट्रस्टी शांतिलाल डागा, अशोक कुमार डागा, आनंद कुमार, हनुमान डागा एवं गजेंद्र सहित स्टाफ सदस्यों ने व्यवस्थाओं में सहयोग किया।
इस अवसर पर डॉ. विजय बंग ने जरूरतमंद मरीजों को अहमदाबाद स्थित सरस्वती मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल में रियायती दरों पर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया। शिविर के आयोजन से क्षेत्र के मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सक की सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हुईं।

Subscribe to my channel


