बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजनीतिराजस्थान
बालोतरा नगर परिषद चुनाव: RLP ने जारी की पहली सूची, चार वार्डों में प्रत्याशी घोषित

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
बालोतरा। आगामी नगर परिषद बालोतरा निकाय चुनाव को लेकर राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) ने चुनावी तैयारियों को तेज करते हुए अपनी पहली प्रत्याशी सूची जारी कर दी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नागौर सांसद आदरणीय श्री हनुमान जी बेनीवाल के निर्देशानुसार RLP नेता थानसिंह डोली ने प्रेस वार्ता के माध्यम से पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की।
RLP द्वारा जारी पहली सूची में बालोतरा नगर परिषद के चार वार्डों के लिए प्रत्याशियों को मैदान में उतारा गया है। घोषित प्रत्याशियों में वार्ड संख्या 2 से गजेंद्र अग्रवाल, वार्ड संख्या 20 से हरीश खंडेलवाल, वार्ड संख्या 52 से गोमती देवी जीनगर तथा वार्ड संख्या 54 से मोहन लाल घांची को प्रत्याशी बनाया गया है।
प्रेस वार्ता के दौरान थानसिंह डोली ने कहा कि राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी नगर निकाय चुनाव को लेकर पूरी तरह सक्रिय है और संगठनात्मक प्रक्रिया के तहत योग्य एवं मजबूत प्रत्याशियों का चयन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर जनता की आवाज को मजबूत करना, पारदर्शी व्यवस्था स्थापित करना और शहर के विकास से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देना है।
उन्होंने कहा कि बालोतरा नगर परिषद चुनाव में RLP पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी। पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को चुनावी तैयारियों में जुटने तथा संगठन को वार्ड स्तर तक मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं।
RLP की ओर से पहली सूची सार्वजनिक किए जाने के बाद बालोतरा के राजनीतिक गलियारों में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। पार्टी द्वारा आगामी दिनों में अन्य वार्डों के लिए भी प्रत्याशियों की घोषणा किए जाने की संभावना है। पहली सूची के जरिए RLP ने निकाय चुनाव में अपनी सक्रिय मौजूदगी और मजबूत चुनावी रणनीति का संकेत दिया है।

Subscribe to my channel


