उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़व्यापार
बस्ती में चीनी का पर्याप्त स्टॉक, अफवाहों पर न दें ध्यान; ओवर लिमिट भंडारण पर होगी कार्रवाई

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 24 अगस्त 2026। जनपद में चीनी की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था को लेकर खाद्य एवं आपूर्ति विभाग द्वारा चीनी मिलों, थोक एवं खुदरा व्यापारियों के स्टॉक का रैण्डम जांच एवं सत्यापन कराया गया। जिला पूर्ति अधिकारी विमल शुक्ला ने बताया कि आपूर्ति शाखा एवं विपणन शाखा के अधिकारियों-कर्मचारियों की संयुक्त टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का स्थलीय निरीक्षण किया।
जांच के दौरान रूधौली स्थित चीनी मिल में 31,513 कुंतल, बभनान चीनी मिल में 2,62,977 कुंतल तथा मुण्डेरवा चीनी मिल में 1,39,697 कुंतल चीनी का स्टॉक पाया गया। वहीं, थोक व्यापारियों के पास 8,120 कुंतल और खुदरा व्यापारियों के पास 7,970 कुंतल चीनी उपलब्ध मिली। इस प्रकार 23 अगस्त 2026 तक जनपद में थोक एवं खुदरा व्यापारियों के पास कुल 16,090 कुंतल चीनी उपलब्ध है।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि जांच में चीनी का थोक मूल्य 5,780 से 6,300 रुपये प्रति कुंतल तथा खुदरा मूल्य 59 से 65 रुपये प्रति किलोग्राम के बीच पाया गया। स्थलीय सत्यापन के दौरान कहीं भी चीनी का अवैध अथवा निर्धारित सीमा से अधिक भंडारण नहीं पाया गया।
उन्होंने कहा कि जनपद में पर्याप्त मात्रा में चीनी उपलब्ध है और गुणवत्ता के अनुसार इसका खुदरा मूल्य 59 से 65 रुपये प्रति किलोग्राम के बीच है। चीनी की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी द्वारा 24 अगस्त को समीक्षा बैठक भी की गई। बैठक में जिला गन्ना अधिकारी, जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी, सचिव मंडी समिति तथा जिला पूर्ति अधिकारी की संयुक्त टीम को चीनी की आमद और बिक्री पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
इसी क्रम में जिला पूर्ति कार्यालय में जिला गन्ना अधिकारी, जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी, सचिव मंडी समिति, तीनों चीनी मिलों के प्रतिनिधियों तथा जनपद के थोक व्यापारियों एवं उनके प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में चीनी मिलों एवं थोक व्यापारियों को स्टॉक की मात्रा नियमित रूप से ऑनलाइन अपडेट करने, निर्धारित सीमा से अधिक अवैध भंडारण नहीं करने तथा बाजार मूल्य से अधिक कीमत पर चीनी की बिक्री नहीं करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि चीनी की कमी को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाह पर विश्वास न करें। व्यापारियों को भी चीनी की कमी का भय दिखाकर अधिक कीमत वसूलने से सख्ती से बचने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग के अनुसार आने वाले समय में चीनी के मूल्य में कमी की संभावना है।
अवैध भंडारण, गलत सूचना अथवा चीनी की कमी को लेकर अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध विधिक एवं विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
Subscribe to my channel


