उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़शिक्षा
जवाहर नवोदय विद्यालय रुधौली का डीएम ने किया निरीक्षण, भोजन से लेकर शिक्षा तक व्यवस्थाओं का लिया जायजा

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 24 अगस्त 2026 (सू.वि.)। जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने सोमवार को जवाहर नवोदय विद्यालय, रुधौली का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही शैक्षणिक, आवासीय, भोजन एवं स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए विद्यालय प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सबसे पहले विद्यार्थियों के लिए तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता एवं व्यवस्था को देखा। उन्होंने बच्चों के साथ बैठकर भोजन किया और उसकी गुणवत्ता स्वयं परखी। भोजन की गुणवत्ता संतोषजनक पाए जाने पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यालय प्रबंधन को विद्यार्थियों को नियमित रूप से गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भोजन की गुणवत्ता में किसी भी स्तर पर कमी नहीं होनी चाहिए।
इसके बाद जिलाधिकारी ने रसोईघर का निरीक्षण किया। उन्होंने भोजन तैयार करने की प्रक्रिया, खाद्य सामग्री के रखरखाव, साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने रसोईघर तथा भोजन से संबंधित स्थानों पर विशेष स्वच्छता बनाए रखने और खाद्य सामग्री का सुरक्षित एवं व्यवस्थित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने विद्यालय के छात्रावास का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों के रहने के कमरों, परिसर एवं उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया तथा बच्चों से उन्हें मिल रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवासीय वातावरण उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है।
विद्यालय की कक्षाओं के निरीक्षण के दौरान विद्यार्थी पढ़ाई करते हुए मिले। जिलाधिकारी ने शिक्षण कार्य की स्थिति देखी और विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई तथा विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने और अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया। शिक्षकों को विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति पर नियमित ध्यान देने तथा उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर में स्वच्छता व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कक्षाओं, छात्रावास एवं अन्य स्थानों पर साफ-सफाई की स्थिति बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण मिलना जरूरी है और स्वच्छता की नियमित निगरानी करते हुए कमियों को तत्काल दूर कराया जाए।
उन्होंने विद्यालय प्रशासन को निर्देशित किया कि विद्यार्थियों की शिक्षा, स्वास्थ्य, भोजन, आवास एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि नवोदय विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थी देश का भविष्य हैं। उनके सर्वांगीण विकास के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ पौष्टिक भोजन, स्वच्छ परिसर और बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी रुधौली अहमद फरीद खान, प्रधानाचार्या अमिता सक्सेना सहित विद्यालय के शिक्षक एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel

