उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बाढ़ प्रभावित सुविखा बाबू क्षेत्र पहुंचे मंडलायुक्त, राहत-बचाव और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का लिया जायजा

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 24 अगस्त 2026। मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव ने सोमवार को तहसील हर्रैया अंतर्गत बाढ़ से घिरे सुविखा बाबू क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने क्षेत्र में चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों, स्वास्थ्य सुविधाओं, आवागमन तथा प्रभावित परिवारों को उपलब्ध कराई जा रही राहत सामग्री की स्थिति का जायजा लिया।
मंडलायुक्त ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से बाढ़ की वर्तमान स्थिति तथा प्रभावित ग्रामीणों तक पहुंचाई जा रही राहत सामग्री की जानकारी ली। उन्होंने नाव एवं कटान व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए निर्देश दिया कि प्रभावित गांवों में आवश्यकता के अनुसार पर्याप्त नावों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। नाव संचालन के दौरान सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन कराने के भी निर्देश दिए गए।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं पर विशेष जोर
स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में स्नेक वेनम की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि सर्पदंश की स्थिति में तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने एम्बुलेंस को मौके पर उपलब्ध रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर मरीजों को तत्काल निकटतम स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए आवश्यक दवाओं की चेकलिस्ट तैयार करने तथा स्वच्छ पेयजल के लिए पर्याप्त मात्रा में क्लोरीन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को प्रतिदिन बाढ़ से संबंधित सूचनाओं से अवगत कराने को कहा।
ग्रामीणों से सीधे संवाद कर जानी राहत की स्थिति
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने ग्रामीणों से सीधे संवाद किया और उन्हें मिल रही राहत सामग्री के बारे में जानकारी ली। उन्होंने प्रभावित परिवारों से पूछा कि उन्हें राशन किट मिल रही है या नहीं। ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें राशन किट उपलब्ध कराई जा रही है।
मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पात्र एवं प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री समय से पहुंचे और कोई भी जरूरतमंद परिवार राहत से वंचित न रहे।
बच्चों की सुरक्षा को लेकर दिए विशेष निर्देश
मंडलायुक्त ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जलभराव वाले क्षेत्रों में नाव से बच्चों के आवागमन के दौरान प्रत्येक बच्चे को अनिवार्य रूप से लाइफ जैकेट पहनाई जाए।
उन्होंने इसके लिए संबंधित लेखपालों की ड्यूटी लगाने तथा बच्चों के आवागमन की निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने स्पष्ट कहा कि बच्चों की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मंडलायुक्त ने अधिकारियों को बाढ़ की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने तथा प्रभावित क्षेत्रों में राहत, स्वास्थ्य, पेयजल, खाद्यान्न और आवागमन से जुड़ी व्यवस्थाओं को पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति की सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त प्रशासन मनोज कुमार तिवारी, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, उप जिलाधिकारी उमाकान्त तिवारी, सहायक अभियंता बाढ़ एस.बी. सिंह, संजय शुक्ला, क्षेत्रीय लेखपाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Subscribe to my channel

