बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

आदिवासी प्रकोष्ठ की नवगठित कार्यकारिणी की पहली बैठक आयोजित, पंचायत चुनाव में कांग्रेस की जीत का संकल्प

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग

 

बालोतरा। गोविंद नगर स्थित रत्नेश्वर महादेव मंदिर परिसर में आदिवासी प्रकोष्ठ की नवगठित जिला कार्यकारिणी के गठन के बाद प्रथम बैठक जिला अध्यक्ष देवाराम भील के नेतृत्व में आयोजित हुई। बैठक में आगामी पंचायत एवं निकाय चुनावों को लेकर संगठन को मजबूत करने, आमजन से सीधा संपर्क बढ़ाने तथा कांग्रेस को जमीनी स्तर पर मजबूत करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रियंका मेघवाल ने कहा कि आगामी पंचायत चुनाव कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण हैं। सभी कार्यकर्ता आपसी मतभेदों को भुलाकर संगठन की मजबूती के लिए एकजुट होकर काम करें और नवगठित बालोतरा जिले के प्रथम जिला प्रमुख के रूप में अनुसूचित जनजाति वर्ग के व्यक्ति को विजयी बनाने के लक्ष्य के साथ अभी से कमर कस लें। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और बूथ स्तर तक पहुंचकर आम मतदाता से संपर्क करने तथा कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।

पूर्व विधायक मदन प्रजापत ने मतदाता सूचियों में सामने आ रही अनियमितताओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाता सूचियों का गंभीरता से अवलोकन करें। जिन पात्र मतदाताओं के नाम छूट गए हैं, उनके नाम जुड़वाने तथा जिन मतदाताओं के नाम गलत वार्ड या क्षेत्र में दर्ज हैं, उन्हें उनके निवास स्थान वाले क्षेत्र में स्थानांतरित करवाने के लिए पूरी गंभीरता से कार्य करें।

उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा नए क्षेत्रों के गठन में भी भेदभाव किया गया है। कहीं करीब दस हजार मतदाताओं के क्षेत्र बनाए गए हैं तो कहीं महज दो हजार मतदाताओं के क्षेत्र गठित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के करीब ढाई वर्ष के कार्यकाल में आमजन को मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है। पूर्ववर्ती सरकार द्वारा जनहित में लागू की गई कई कल्याणकारी योजनाओं को कमजोर किया गया है तथा मनरेगा जैसी महत्वपूर्ण योजना में बजट का प्रावधान भी बेहद कम कर दिया गया है, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के गरीब और जरूरतमंद लोगों को नुकसान हो रहा है।

आदिवासी प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष देवाराम भील ने कहा कि नवगठित कार्यकारिणी पूरी मजबूती के साथ संगठन के लिए काम करेगी। आगामी पंचायत एवं निकाय चुनावों में पूरी टीम आमजन के बीच जाकर कांग्रेस की नीतियों और जनहित के मुद्दों को लेकर संपर्क अभियान चलाएगी तथा पार्टी को विजयी बनाने के लिए पूरी ताकत से कार्य करेगी। उन्होंने बैठक में उपस्थित सभी कांग्रेसजनों का आभार भी व्यक्त किया।

बैठक में पचपदरा विधानसभा क्षेत्र प्रभारी इन्द्राराम एडवोकेट सेवादल जिला अध्यक्ष डालूराम प्रजापत, जिला प्रवक्ता रामेश्वर प्रजापत एवं पूर्व प्रधान ओमाराम भील ने भी संबोधित करते हुए कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों में एकजुट होकर कांग्रेस को मजबूत एवं विजयी बनाने की अपील की।

बैठक में आदिवासी प्रकोष्ठ की नवगठित कार्यकारिणी के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Related Articles

Back to top button