बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

आरयूआईडीपी के पांचवें चरण के कार्यों पर हुआ संवाद कार्यक्रम

बालोतरा शहर में 29.51 करोड़ रुपये के अपशिष्ट जल प्रबंधन कार्यों पर जनप्रतिनिधियों व हितधारकों से लिया फीडबैक

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग

 

बालोतरा, 11 अगस्त। राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (आरयूआईडीपी) के पांचवें चरण के तहत बालोतरा शहर में प्रस्तावित 29.51 करोड़ रुपये के विकास कार्यों’’ को लेकर मंगलवार को कलेक्टर सभागार में आरयूआईडीपी संवाद कंसल्टेशन मीटिंग आयोजित की गई। कार्यक्रम में शहर के जनप्रतिनिधियों, पूर्व पार्षदों, प्रबुद्धजनों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं अन्य स्टेकहोल्डर्स ने भाग लेकर प्रस्तावित कार्यों पर चर्चा की तथा अपने सुझाव एवं फीडबैक दिए।

जिला कलक्टर श्री सुशील कुमार यादव ने कहा कि परियोजना के क्रियान्वयन के दौरान इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि आमजन को कम से कम परेशानी का सामना करना पड़े। उन्होंने कहा कि सीवरेज परियोजनाओं के क्रियान्वयन के दौरान कई प्रकार की व्यावहारिक दिक्कतें सामने आती हैं, इसलिए पूर्व के अनुभवों से सीख लेते हुए बालोतरा में कार्यों को बेहतर योजना एवं समन्वय के साथ किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि संवाद कार्यक्रम के माध्यम से विभिन्न प्रतिभागियों के महत्वपूर्ण एवं रचनात्मक सुझाव सामने आए हैं। इन सुझावों को परियोजना के क्रियान्वयन में उपयोगी रूप से शामिल किया जाना चाहिए, ताकि कार्यों की गुणवत्ता के साथ-साथ आमजन की सुविधा भी सुनिश्चित हो सके।

आरयूआईडीपी के सहायक अभियंता सुनील बिश्नोई ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से बालोतरा शहर में पांचवें चरण के तहत प्रस्तावित कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने परियोजना के विभिन्न पहलुओं, प्रस्तावित कार्यों एवं उनके क्रियान्वयन की जानकारी प्रतिभागियों के साथ साझा की। उन्होंने कहा कि परियोजना के कार्यों को गुणवत्ता के निर्धारित मानकों के अनुरूप एवं तय समयावधि में पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। संवाद कार्यक्रम में प्राप्त सुझावों एवं फीडबैक को भी परियोजना की कार्ययोजना में शामिल किया जाएगा, ताकि स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप कार्यों का बेहतर क्रियान्वयन हो सके।

आरयूआईडीपी अधिकारियों ने पांचवें चरण में बालोतरा शहर में किए जाने वाले कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि इस चरण में एशियन विकास बैंक के वित्तपोषण से अपशिष्ट जल प्रबंधन एवं सीवरेज से संबंधित कार्य किए जाएंगे। उन्होने बताया कि शहर के विकास एवं सीवरेज परियोजना के सफल क्रियान्वयन के लिए आरयूआईडीपी, नगर परिषद, विभिन्न विभागों, जनप्रतिनिधियों और आमजन के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने कहा कि परियोजना से जुड़ी गतिविधियों को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने के लिए स्थानीय स्तर पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों का सहयोग महत्वपूर्ण रहेगा।

इस दौरान वक्ताओं ने सीवरेज परियोजना को बालोतरा शहर के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए राज्य सरकार का आभार जताया। उन्होंने नगर परिषद एवं शहरवासियों की ओर से परियोजना के सफल क्रियान्वयन में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। साथ ही जनप्रतिनिधियों एवं हितधारकों से परियोजना की जानकारी घर-घर तक पहुंचाने तथा आमजन को कार्यों के दौरान सहयोग के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि परियोजना का लाभ आमजन को जल्द से जल्द मिले, इसके लिए कार्यों की प्रभावी प्लानिंग एवं समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान आरयूआईडीपी की ओर से एक वृत्तचित्र के माध्यम से परियोजना एवं विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी गई। इसके बाद खुले सत्र में जनप्रतिनिधियों, पूर्व पार्षदों, प्रबुद्धजनों एवं अन्य स्टेक होल्डर्स ने सीवरेज एवं अन्य प्रस्तावित कार्यों से संबंधित विभिन्न जिज्ञासाएं एवं सवाल रखे। अधिकारियों ने सवालों के जवाब देते हुए परियोजना के क्रियान्वयन से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रदान की।

कार्यक्रम में नगर परिषद के जनप्रतिनिधियों, पूर्व पार्षदों, प्रबुद्धजनों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, आरयूआईडीपी से जुड़े अधिकारियों, महिलाओं, मीडिया प्रतिनिधियों एवं आमजन ने सहभागिता की।

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Related Articles

Back to top button