बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
शहरी वार्ड विकास समिति ने एसपी से की मुलाकात, ट्रैफिक व्यवस्था सुदृढ़ करने और पुलिस गश्त बढ़ाने की उठाई मांग

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
बालोतरा। शहरी वार्ड विकास समिति के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार कावड़ से उनके पचपदरा रोड स्थित कार्यालय में मुलाकात कर शहर की यातायात, सुरक्षा एवं पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की मांग की। समिति ने शहर के प्रमुख बाजारों और वार्डों में ट्रैफिक पुलिस की तैनाती, रात्रि गश्त बढ़ाने तथा पुलिस बीट व्यवस्था को सार्वजनिक करने सहित कई महत्वपूर्ण सुझाव सौंपे।
समिति अध्यक्ष सतीश खिवसरा के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि मुख्य बाजार, गौर का चौक, भेरू बाजार, पनघट रोड, छतरियों का मोर्चा, नया बस स्टैंड तथा शहर के विभिन्न प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक जवानों की नियमित तैनाती की जाए, ताकि यातायात सुचारू रहे और आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
समिति ने वार्ड संख्या 1 से 55 तक पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने तथा शहर के भीतरी क्षेत्रों में थ्री-व्हीलर और फोर-व्हीलर वाहनों के संचालन को व्यवस्थित करने की भी मांग की। इसके साथ ही प्रत्येक वार्ड में नियुक्त पुलिस बीट प्रभारी और गश्त करने वाले अधिकारियों की जानकारी सूचना पट्टों पर प्रदर्शित करने तथा थाना अधिकारियों के संपर्क नंबर सार्वजनिक करने का भी सुझाव दिया।
समिति ने यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल और होमगार्ड जवानों की तैनाती की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार कावड़ ने समिति के सुझावों पर सकारात्मक चर्चा करते हुए आश्वासन दिया कि यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम जल्द उठाए जाएंगे तथा अन्य सुझावों पर भी प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान समिति के प्रवक्ता सिरेमल जांगिड़, उपाध्यक्ष ए.के. मोमिन, निंबाराम गौड़, सचिव राकेश सोलंकी तथा विनोद सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


