बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

बालोतरा में महावीर इंटरनेशनल का एक माह का विशाल एक्यूप्रेशर एवं मर्म चिकित्सा शिविर शुरू, विशेषज्ञ देंगे निशुल्क उपचार

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग

 

बालोतरा, 2 अगस्त। महावीर इंटरनेशनल बालोतरा द्वारा महावीर इंटरनेशनल चैरिटेबल ट्रस्ट के महावीर सेवा सदन भवन में एक माह तक चलने वाले विशाल एक्यूप्रेशर एवं मर्म चिकित्सा शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर का उद्घाटन श्रीमती लूणीदेवी जवाहरलाल हुंडिया ने फीता काटकर किया, जबकि समारोह की अध्यक्षता नगर परिषद के पूर्व सभापति पारसमल भंडारी ने की।

अपने संबोधन में पारसमल भंडारी ने कहा कि बालोतरा के नागरिकों के लिए यह एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि 1 अगस्त से 31 अगस्त तक आयोजित इस शिविर में पुरानी एवं दीर्घकालिक बीमारियों से पीड़ित मरीजों का एक्यूप्रेशर पद्धति से उपचार किया जाएगा, जिससे लोगों को बेहतर स्वास्थ्य लाभ मिलेगा।

महावीर इंटरनेशनल के अपेक्स के पूर्व उपाध्यक्ष ओम बांठिया ने कहा कि एक माह तक नियमित रूप से चलने वाले इस शिविर से मरीजों को निरंतर उपचार मिलेगा, जिससे उन्हें बीमारियों से राहत मिलने की बेहतर संभावना रहेगी।

एक्यूप्रेशर विशेषज्ञ रामकुमार वर्मा ने बताया कि शिविर में आने वाले प्रत्येक मरीज का समर्पित भाव से उपचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सुजोक पद्धति के साथ-साथ मर्म चिकित्सा के माध्यम से भी विभिन्न रोगों का इलाज किया जाएगा।

शिविर के दौरान प्रतिदिन सुबह 6:00 से 8:00 बजे तक योग शिविर, सुबह 9:00 से 12:30 बजे तक चिकित्सा शिविर तथा शाम 4:00 से 8:00 बजे तक उपचार एवं परामर्श की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

इस अवसर पर केंद्र चेयरमैन जवाहरलाल हुंडिया ने एक्यूप्रेशर विशेषज्ञ रामकुमार वर्मा का स्वागत किया। सचिव अशोक व्यास ने संस्था के सेवा कार्यों का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए सदस्यों से इस जनसेवा अभियान से जुड़ने का आह्वान किया। वहीं, जोन चेयरमैन महेंद्र चोपड़ा ने बालोतरा केंद्र द्वारा आयोजित एक माह के इस स्वास्थ्य शिविर की सराहना करते हुए शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष जवेरीलाल मेहता, धर्मेश चोपड़ा, उपाध्यक्ष गौतम दांती, कोषाध्यक्ष महावीर बोकाडिया, अरुण श्रीवास्तव, दिनेश भंसाली सहित महावीर इंटरनेशनल के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

यह एक माह का स्वास्थ्य शिविर आमजन को एक्यूप्रेशर, सुजोक एवं मर्म चिकित्सा के माध्यम से निशुल्क उपचार एवं स्वास्थ्य परामर्श उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Related Articles

Back to top button