बीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
30 वर्षों की उत्कृष्ट सेवा के बाद वरिष्ठ नेत्र विशेषज्ञ डॉ. संजीव सहगल सेवानिवृत्त, गंगाशहर अस्पताल में भावभीनी विदाई

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी
गंगाशहर, 1 अगस्त। गंगाशहर के राजकीय सेटेलाइट अस्पताल में वरिष्ठ नेत्र शल्य चिकित्सक डॉ. संजीव सहगल के सेवानिवृत्त होने पर शनिवार को भावभीनी विदाई एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। अस्पताल प्रशासन, चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, गंगाशहर नागरिक परिषद् तथा गणमान्य नागरिकों ने उन्हें सम्मानित करते हुए उनके स्वस्थ, सुखी एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
अस्पताल अधीक्षक डॉ. मुकेश बाल्मीकि ने कहा कि डॉ. सहगल ने 30 वर्षों से अधिक की राजकीय चिकित्सा सेवा में अपनी दक्षता, निष्ठा और सेवा भावना से हजारों मरीजों का उपचार किया। पिछले लगभग 20 वर्षों से उन्होंने गंगाशहर अस्पताल में अपनी सेवाएं दीं। उन्होंने कहा कि डॉ. सहगल का मरीजों, चिकित्सकों और कर्मचारियों के साथ हमेशा आत्मीय एवं सौहार्दपूर्ण व्यवहार रहा, जिससे अस्पताल परिवार में उनके प्रति विशेष सम्मान है।
समारोह के दौरान डॉ. मुकेश बाल्मीकि एवं डॉ. विजयपाल सूनिया ने साफा पहनाकर, जबकि डॉ. चन्द्रप्रभा, डॉ. बिन्दु और डॉ. रेणु ने शॉल ओढ़ाकर डॉ. सहगल का सम्मान किया। सुश्री गीतांजलि ने डॉ. सहगल एवं उनकी धर्मपत्नी डॉ. अनुपमा सहगल का तिलक लगाकर स्वागत किया। वहीं डॉ. विजय कच्छावा और वरिष्ठ नर्सिंग अधिकारी मोहनलाल मोदी ने उन्हें प्रशस्ति पत्र भेंट किया।
गंगाशहर नागरिक परिषद् की ओर से कन्हैयालाल बोथरा, जतनलाल दूगड़, बच्छराज रांका, महेन्द्र चौपड़ा सहित अन्य पदाधिकारियों ने शॉल, तिरंगी पताका, स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर उनका अभिनंदन किया।
समारोह को संबोधित करते हुए कन्हैयालाल बोथरा ने कहा कि किसी भी अधिकारी के सेवाकाल की वास्तविक पहचान उसके कार्य और व्यवहार से होती है। डॉ. सहगल ने अपने पूरे सेवाकाल में ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भाव का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है।
गंगाशहर नागरिक परिषद् के संयोजक जतनलाल दूगड़ ने बताया कि वर्ष 2007 से डॉ. सहगल के मार्गदर्शन में आयोजित निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविरों के माध्यम से लगभग 30 हजार मरीजों के मोतियाबिंद ऑपरेशन कर उन्हें नई रोशनी प्रदान की गई। उन्होंने अस्पताल के नेत्र विभाग में आधुनिक उपकरणों और ऑपरेशन थिएटर की व्यवस्था विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अपने संबोधन में डॉ. संजीव सहगल ने कहा कि उन्होंने श्रीडूंगरगढ़ में साढ़े नौ वर्ष तथा गंगाशहर अस्पताल में लगभग साढ़े उन्नीस वर्ष सेवाएं दीं। गंगाशहर अस्पताल में मिला सहयोग, कार्य का अनुकूल वातावरण और सभी का स्नेह उनके जीवन की अमूल्य स्मृतियां रहेगा।
समारोह में अस्पताल के चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ, कर्मचारी, गंगाशहर नागरिक परिषद् के सदस्य, डॉ. जयश्री मुरली मनोहर, डॉ. अंजू कोचर, डॉ. सहगल के परिजन, मित्र एवं अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जतनलाल दूगड़ ने किया।

Subscribe to my channel


