बीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
बीकानेर प्राइवेट डॉक्टर एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी ने ली शपथ, डॉ. गुरजीत कौर बनीं चेयरपर्सन

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी
बीकानेर। बीकानेर प्राइवेट डॉक्टर एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी का गठन सर्वसम्मति से संपन्न चुनाव प्रक्रिया के बाद किया गया। नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह रविवार को वरिष्ठ चिकित्सकों की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित हुआ।
समारोह में मुख्य अतिथि डॉ. अरविंद व्यास सहित डॉ. राजेंद्र पाल सोलंकी, डॉ. पीके सरीन, डॉ. हरमीत सिंह एवं चिकित्सा जगत के अन्य वरिष्ठ चिकित्सक मौजूद रहे। इस दौरान डॉ. गुरजीत कौर को एसोसिएशन की चेयरपर्सन, डॉ. सिद्धार्थ असवाल को ऑर्गेनाइजिंग सेक्रेटरी तथा डॉ. अंशुल गुप्ता को फाइनेंस ऑफिसर के रूप में शपथ दिलाई गई।
नवनियुक्त चेयरपर्सन डॉ. गुरजीत कौर ने कहा कि एसोसिएशन की प्राथमिकता निजी चिकित्सकों के अधिकारों की रक्षा करना, उन्हें सुरक्षित कार्य वातावरण उपलब्ध कराना तथा चिकित्सा समुदाय को समाज में सम्मान और सुरक्षा दिलाना होगी।
ऑर्गेनाइजिंग सेक्रेटरी डॉ. सिद्धार्थ असवाल ने कहा कि संगठन का उद्देश्य बीकानेर के सभी निजी चिकित्सकों को एक मंच पर लाकर चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार करना है। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों का पहला कर्तव्य मरीजों की सेवा और उनकी स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करना है। एसोसिएशन चिकित्सकों के अधिकारों के साथ-साथ चिकित्सा नैतिकता (मेडिकल एथिक्स) को बढ़ावा देने और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए भी कार्य करेगी।
फाइनेंस ऑफिसर डॉ. अंशुल गुप्ता ने कहा कि संस्था की आर्थिक पारदर्शिता बनाए रखने और चिकित्सकों के हित में संचालित कल्याणकारी योजनाओं को और अधिक मजबूत बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि नई कार्यकारिणी निजी चिकित्सकों की समस्याओं के समाधान, उनके हितों की रक्षा तथा स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में प्रभावी भूमिका निभाएगी।

Subscribe to my channel


