बीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
पुनरासर पहुंचे जिला कलेक्टर निशांत जैन, हनुमानजी के दरबार में लगाई धोक, PHC का किया औचक निरीक्षण

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी
श्रीडूंगरगढ़/बीकानेर। बीकानेर जिला कलेक्टर निशांत जैन मंगलवार को श्रीडूंगरगढ़ उपखंड के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पुनरासर हनुमानजी धाम पहुंचे। यहां उन्होंने बाबा के दरबार में धोक लगाकर जिले में सुख-समृद्धि, अमन-चैन और खुशहाली की कामना की।
मंदिर में बारीदार पुजारी परिवार के छत्र सिंह बोथरा, सुरेंद्र बोथरा, प्रदीप बोथरा, मोतीलाल बोथरा और पवन बोथरा ने जिला कलेक्टर का विधिवत स्वागत करते हुए विशेष पूजा-अर्चना एवं जोत कराई। इस अवसर पर जिला कलेक्टर को शॉल ओढ़ाकर बाबा की तस्वीर, रामायण और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।
धार्मिक दर्शन के बाद जिला कलेक्टर निशांत जैन ने पुनरासर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मेडिकल स्टाफ के अनुपस्थित मिलने पर उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल में भर्ती एवं उपचार के लिए आए मरीजों से स्वास्थ्य सेवाओं और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में फीडबैक भी लिया।
निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर ने उपस्थित स्वास्थ्य कर्मियों को अस्पताल की सभी व्यवस्थाएं बेहतर बनाने, मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने तथा नियमित रूप से सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान उनके साथ उपखंड अधिकारी शुभम शर्मा, तहसीलदार श्रीवर्धन शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं मंदिर परिसर में पुजारी परिवार के मैनेजर राजू भादानी, जगदीश पारीक तथा गांव के अनेक गणमान्य नागरिकों ने जिला कलेक्टर का स्वागत एवं सम्मान किया।

Subscribe to my channel


