बीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
पवनपुरी मेन मार्केट व्यापारियों की पहली बैठक संपन्न, नई कार्यकारिणी का गठन; मूलभूत सुविधाओं की कमी पर जताई चिंता

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी
पवनपुरी मेन मार्केट व्यापारियों के संगठन की पहली बैठक मंगलवार को उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित की गई। बैठक में 40 से अधिक व्यापारियों ने भाग लेकर संगठन को मजबूत बनाने और बाजार की समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।
बैठक के दौरान व्यापारियों की सर्वसम्मति से संगठन की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें मुकेश शर्मा को अध्यक्ष, भूपेंद्र सिंह खालसा को उपाध्यक्ष, लोकेश अग्रवाल को कोषाध्यक्ष तथा संजीव नंदा को सचिव मनोनीत किया गया।
इसके अलावा सात सदस्यीय कार्यकारिणी में राजेश गुप्ता, भानु खत्री, ललित, महावीर, मयूर सोनी, सत्यनारायण और विपिन सोनी को शामिल किया गया।
बैठक में व्यापारियों ने पवनपुरी मेन मार्केट की वर्षों पुरानी मूलभूत समस्याओं पर गंभीर चिंता व्यक्त की। वक्ताओं ने कहा कि बीडीए की सबसे पुरानी व्यावसायिक मार्केटों में शामिल होने के बावजूद यहां आज तक व्यापारियों और ग्राहकों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गई हैं।
व्यापारियों ने बताया कि मार्केट में सार्वजनिक शौचालय (सुलभ शौचालय) का अभाव है, जिससे दुकानदारों, कर्मचारियों और ग्राहकों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहीं बारिश के दौरान दुकानों के सामने कई दिनों तक पानी भरा रहने से व्यापार प्रभावित होता है। नई सड़क निर्माण के समय उचित ढलान और जल निकासी व्यवस्था नहीं किए जाने के कारण जलभराव की समस्या और गंभीर हो गई है, जिससे मौसमी बीमारियों का खतरा भी बढ़ रहा है।
बैठक में सड़क सुरक्षा का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। व्यापारियों ने कहा कि नई सड़क बनने के दौरान पुराने स्पीड ब्रेकर हटा दिए गए, लेकिन उनकी जगह नए स्पीड ब्रेकर नहीं बनाए गए। इससे मुख्य सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन छोटी-बड़ी सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे व्यापारियों और ग्राहकों की सुरक्षा पर खतरा बना हुआ है।
व्यापारियों ने यह भी कहा कि पवनपुरी बीडीए की एक महत्वपूर्ण व्यावसायिक मार्केट है, लेकिन इसके बावजूद मूलभूत सुविधाओं के विकास की ओर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया।
बैठक के अंत में नवगठित कार्यकारिणी ने निर्णय लिया कि जल्द ही संबंधित विभागों और प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात कर सभी समस्याओं के समाधान की मांग की जाएगी। संगठन ने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समय में समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो व्यापारी लोकतांत्रिक और संगठित तरीके से अपनी आवाज प्रशासन तक पहुंचाएंगे।
नई कार्यकारिणी ने सभी व्यापारियों से संगठन के साथ जुड़कर मार्केट के विकास, व्यापारियों के हितों की रक्षा और क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया।

Subscribe to my channel


