उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
सिंचाई बन्धु बैठक: किसानों को समय पर मिले सिंचाई जल, खाद और बीज, नहरों से अधिक जल उपलब्ध कराने के निर्देश

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 14 जुलाई। विकास भवन सभागार में मंगलवार को उपाध्यक्ष सिंचाई बन्धु गजेन्द्रमणि त्रिपाठी की अध्यक्षता में जनपद सिंचाई बन्धु की बैठक आयोजित हुई। बैठक में किसानों को समय पर सिंचाई जल, खाद और बीज उपलब्ध कराने तथा खरीफ सीजन में संभावित कम वर्षा को देखते हुए नहरों के माध्यम से अधिक से अधिक सिंचाई जल उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए गजेन्द्रमणि त्रिपाठी ने कहा कि शासन की प्राथमिकता किसानों की आय में वृद्धि करना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार खरीफ सीजन में सामान्य से कम वर्षा होने की संभावना है, इसलिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ नहरों के जरिए किसानों तक पर्याप्त सिंचाई जल पहुंचाना सुनिश्चित करें।
बैठक में पूर्व बैठक की कार्यवाही की समीक्षा भी की गई। नलकूप खण्ड के सहायक अभियंता को वित्तीय वर्ष 2025-26 का मदवार व्यय विवरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
अधिशासी अभियंता सरयू नहर खण्ड-4 एवं नोडल अधिकारी दिनेश मोहन ने बताया कि जनपद की नहरों में 360 क्यूसेक क्षमता से जल उपलब्ध कराया गया है तथा 39 टेल फीडिंग कर किसानों तक सिंचाई जल पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
बैठक के दौरान कप्तानगंज विधायक प्रतिनिधि गुलाब चन्द्र सोनकर ने सरयू नहर खण्ड-3 के जूनियर इंजीनियर द्वारा नहर संचालन से जुड़े प्रश्नों का संतोषजनक उत्तर न देने पर नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिया कि अगली बैठक तक नहर संचालन में आने वाली बाधाओं को दूर कर स्थिति से अवगत कराया जाए।
उप निदेशक कृषि अशोक कुमार ने बताया कि डीबीटी पोर्टल पर पंजीकृत किसानों को बीज वितरित किए जा रहे हैं। अब तक 27.1 कुंतल अरहर, 7.92 कुंतल सांवा तथा 11.10 कुंतल धान बीज वितरित किया जा चुका है। वहीं आत्मा योजना के तहत 8.4 कुंतल धान बीज प्रदर्शन हेतु पात्र किसानों को उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने बताया कि मोटे अनाज के क्षेत्रफल को बढ़ावा देने के लिए भी विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि जनपद में 57,800 मीट्रिक टन उर्वरक के लक्ष्य के सापेक्ष लगभग 50 प्रतिशत उर्वरक का वितरण किया जा चुका है तथा वर्तमान में उर्वरकों की कोई कमी नहीं है।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अरुण कुमार गुप्ता ने बताया कि 22 जुलाई से जनपद में लगभग दो लाख पशुओं को खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) रोग से बचाव का टीकाकरण अभियान शुरू किया जाएगा।
बैठक का संचालन सहायक अभियंता सरयू नहर खण्ड-4 अजय कुमार ने किया। इस दौरान सांसद प्रतिनिधि जवाहर लाल वर्मा, विधायक महादेवा प्रतिनिधि फूलचन्द्र श्रीवास्तव, जिला कृषि अधिकारी डॉ. बाबूराम मौर्य, नलकूप एवं विद्युत विभाग के अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


