उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़
टीम आयुष्मान फाउंडेशन द्वारा 11 जनपदों में पर्यावरण जागरूकता हेतु पौधरोपण कार्यक्रम का हुआ शुभारम्भ

टीम आयुष्मान फाउंडेशन द्वारा 11 जनपदों में पर्यावरण जागरूकता हेतु पौधरोपण कार्यक्रम का हुआ शुभारम्भ
देवरिया। पर्यावरण संरक्षण और समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मिशन शिक्षक संवाद एवं टीम आयुष्मान फाउंडेशन द्वारा प्रदेशव्यापी पौधरोपण एवं पर्यावरण सुरक्षा जागरूकता अभियान का शुभारम्भ किया गया। इस अभियान में उत्तर प्रदेश के शिक्षकों के सहयोग से पौधरोपण के साथ-साथ पेड़ों की सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
अभियान के अंतर्गत “एक पेड़ जागरूकता के लिए, एक पेड़ पर रेड रीबन सुरक्षा के लिए” का संदेश दिया जा रहा है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को पौधरोपण के लिए प्रेरित करने के साथ लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।
इस प्रदेशव्यापी अभियान का शुभारम्भ देवरिया जनपद से किया गया। इसके बाद अभियान को गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, महराजगंज, संतकबीर नगर, मऊ, आजमगढ़, बलिया, वाराणसी, बस्ती, अयोध्या, जालौन और लखनऊ सहित विभिन्न जनपदों में संचालित किया जाएगा। अभियान में शिक्षकों, विद्यार्थियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पौधरोपण करते हुए लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। आयोजकों ने कहा कि केवल पौधरोपण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि लगाए गए प्रत्येक पौधे को वृक्ष बनने तक उसकी देखभाल और सुरक्षा करना भी हम सभी की जिम्मेदारी है।
टीम आयुष्मान फाउंडेशन के संस्थापक अमरनाथ द्विवेदी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के माध्यम से समाज में जागरूकता का संदेश अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है। मिशन शिक्षक संवाद के माध्यम से प्रदेश के शिक्षकों को इस अभियान से जोड़कर पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का रूप देने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि एक पेड़ आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, छाया और बेहतर पर्यावरण की सौगात है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी जिम्मेदारी लेने का संकल्प लेना चाहिए।
मिशन शिक्षक संवाद की ओर से कहा गया कि शिक्षक समाज के मार्गदर्शक होते हैं और उनके माध्यम से विद्यार्थियों एवं अभिभावकों तक पर्यावरण संरक्षण का संदेश आसानी से पहुंचाया जा सकता है। अभियान के दौरान शिक्षकों को पौधरोपण के साथ पर्यावरण सुरक्षा के लिए लोगों को प्रेरित करने की जिम्मेदारी भी दी जा रही है।
आयोजकों के अनुसार यह अभियान केवल पौधरोपण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि लोगों को वृक्षों की सुरक्षा, हरित क्षेत्र बढ़ाने, पर्यावरण संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण तैयार करने के लिए लगातार जागरूक किया जाएगा।
मिशन शिक्षक संवाद एवं टीम आयुष्मान फाउंडेशन ने प्रदेश के सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से इस अभियान से जुड़ने तथा पर्यावरण संरक्षण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की है।

Subscribe to my channel


