धर्मब्रेकिंग न्यूज़भिवाड़ीराजस्थान
भिवाड़ी में पूर्वांचल की आस्था का महासंगम, छठी मैया की भक्ति में डूबा शहर; पार्षद नरेंद्र खटाना ने तीसरी बार रखा निर्जला व्रत

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा
भिवाड़ी में पूर्वांचल की आस्था का महासंगम, छठी मैया की भक्ति में डूबा शहर; पार्षद नरेंद्र खटाना ने तीसरी बार रखा निर्जला व्रत।
घाटाल के शिवनगर में छठ महोत्सव की धूम, भाजपा मंडल अध्यक्ष ने परिवार और समाज की सुख-समृद्धि के लिए की सूर्य उपासना; सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर होगा महाव्रत का पारण।
भिवाड़ी।
औद्योगिक नगरी भिवाड़ी में इन दिनों पूर्वांचल की संस्कृति, परंपरा और लोकआस्था का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। सूर्य उपासना और लोकआस्था के महापर्व छठ की छटा से पूरा शहर भक्तिमय हो उठा है। घाटों पर सजावट, छठी मैया के पारंपरिक गीतों की गूंज और व्रतियों की अटूट श्रद्धा ने वातावरण को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया है।
इसी कड़ी में शिव मंदिर एवं छठ पूजा समिति, शिवनगर, घाटाल, भिवाड़ी की ओर से आयोजित छठ पूजा महोत्सव में श्रद्धालुओं का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया जा रहा है। आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों में विशेष उत्साह है। पूर्वांचल समाज के साथ-साथ अन्य समाजों के लोग भी इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभा रहे हैं।
छठ पर्व की आस्था का एक विशेष उदाहरण भाजपा मंडल भिवाड़ी के अध्यक्ष एवं पार्षद नरेंद्र खटाना के रूप में सामने आया है। उन्होंने छठी मैया के प्रति अपनी गहरी श्रद्धा प्रकट करते हुए तीसरी बार व्रत धारण किया है। उनका यह व्रत केवल धार्मिक आस्था ही नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति सम्मान का भी संदेश दे रहा है।
नरेंद्र खटाना ने छठी मैया की आराधना करते हुए परिवार, समाज और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। व्रत की कठिन साधना के बाद सोमवार सुबह उदयमान सूर्य नारायण को अर्घ्य अर्पित कर विधि-विधान से व्रत का पारण किया जाएगा।
भिवाड़ी की विशेषता यही है कि यहां विभिन्न प्रदेशों और संस्कृतियों के लोग मिलकर त्योहार मनाते हैं। छठ महापर्व ने एक बार फिर साबित कर दिया कि आस्था की कोई सीमा नहीं होती। पूर्वांचल की परंपरा अब भिवाड़ी की सामूहिक पहचान और सांस्कृतिक उत्सव का हिस्सा बन चुकी है।

Subscribe to my channel


