जम्मू कश्मीरदेशपुंछब्रेकिंग न्यूज़
डीआईजी राजौरी-पुंछ रेंज ने डीपीओ पुंछ में अपराध, खुफिया एवं सुरक्षा समीक्षा बैठक की, आतंकवाद-रोधी तैयारियों का लिया जायजा

ब्यूरो चीफ राजेश कुमार, पुंछ
पुंछ, 14 जुलाई 2026। जिले की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा मौजूदा सुरक्षा परिदृश्य एवं आगामी श्री बुद्ध अमरनाथ जी यात्रा के मद्देनज़र मंगलवार को राजौरी-पुंछ रेंज के डीआईजी संदीप वज़ीर (आईपीएस) ने जिला पुलिस कार्यालय (डीपीओ) पुंछ में अपराध, खुफिया एवं सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा बैठक की।
बैठक में एसएसपी पुंछ शफकत हुसैन (जेकेपीएस), डीएसपी मुख्यालय पुंछ, थाना पुंछ, मंडी एवं लोरन के थाना प्रभारी, जांच अधिकारी तथा अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान डीआईजी ने जिले की मौजूदा सुरक्षा स्थिति, खुफिया तंत्र की कार्यप्रणाली, अपराध नियंत्रण उपायों तथा आतंकवाद-रोधी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने, खुफिया सूचनाओं के प्रभावी आदान-प्रदान, आपसी समन्वय बढ़ाने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए।
डीआईजी ने आगामी श्री बुद्ध अमरनाथ जी यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी सुरक्षा प्रबंधों को समय रहते पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रा मार्गों, संवेदनशील स्थानों एवं महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाए तथा प्रत्येक सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में लंबित आपराधिक मामलों की समीक्षा करते हुए विवेचनाओं में तेजी लाने, अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी पुलिस अधिकारियों को सक्रिय एवं सतर्क रहने के निर्देश भी दिए गए।
डीआईजी संदीप वज़ीर ने कहा कि आम जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए पुलिस बल पूरी तरह तैयार है और किसी भी चुनौती से निपटने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से जनता के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने तथा पेशेवर और जवाबदेह पुलिसिंग सुनिश्चित करने का भी आह्वान किया।

Subscribe to my channel


