उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़

मतदाता सूची में दोहरी प्रविष्टियों पर लगेगी रोक, CSC संचालकों को दिया गया प्रशिक्षण

बस्ती से वेदान्त सिंह

बस्ती। मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए जन सुविधा केंद्रों (CSC) के माध्यम से भरे जाने वाले आवेदन पत्रों में एक से अधिक प्रविष्टियों (Multiple Entries) की समस्या को रोकने के लिए मंगलवार को जनपद के समस्त जन सुविधा केंद्र संचालकों की प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यशाला की अध्यक्षता उप जिलाधिकारी उमाकांत तिवारी ने की।

कार्यशाला में उप जिलाधिकारी उमाकांत तिवारी एवं ईडीएम सौरभ द्विवेदी ने संचालकों को मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए ऑनलाइन फार्म-6 भरने की सही प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कई बार आवेदन करते समय मोबाइल नंबर पर रेफरेंस नंबर की सूचना प्राप्त नहीं होने के कारण एक ही आवेदक का फार्म दोबारा भर दिया जाता है। इससे मतदाता सूची में एक ही व्यक्ति की एक से अधिक प्रविष्टियां दर्ज होने की समस्या उत्पन्न होती है।

इस समस्या से बचाव के लिए CSC संचालकों को निर्देश दिया गया कि फार्म-6 भरते समय आवेदक अथवा उसके संबंधित व्यक्ति का वास्तविक एवं सक्रिय मोबाइल नंबर ही दर्ज करें। आवेदन जमा करने से पहले सभी जानकारियों की सावधानीपूर्वक जांच करें और अंतिम सबमिशन के बाद ई-साइन की प्रक्रिया अनिवार्य रूप से पूरी कराएं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ई-साइन सफल होने के बाद ही आवेदन का रेफरेंस नंबर जनरेट होता है।

प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि नेटवर्क संबंधी समस्या के कारण यदि मोबाइल पर रेफरेंस नंबर प्राप्त नहीं होता है, तो स्क्रीन पर प्रदर्शित रेफरेंस नंबर का स्क्रीनशॉट लेकर अथवा उसे नोट करके आवेदक को उपलब्ध कराया जाए। इससे आवेदक भविष्य में उसी रेफरेंस नंबर के माध्यम से अपने आवेदन की स्थिति की जानकारी प्राप्त कर सकेगा। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी परिस्थिति में एक ही आवेदक का दोबारा आवेदन न किया जाए।

इसके साथ ही संचालकों को मतदाता पहचान पत्र (EPIC) डाउनलोड करने, मतदाता सूची में अपना नाम एवं विवरण देखने तथा निर्वाचन आयोग के पोर्टल और ECINET मोबाइल एप के माध्यम से व्यक्तिगत जानकारी प्राप्त करने की प्रक्रिया भी समझाई गई।

उप जिलाधिकारी उमाकांत तिवारी ने सभी CSC संचालकों को निर्देशित किया कि प्रशिक्षण में बताई गई प्रक्रिया का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने और दोहरी प्रविष्टियों की समस्या पर रोक लगाने में जन सुविधा केंद्र संचालकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिए प्रत्येक आवेदन भरते समय पूरी सावधानी, जिम्मेदारी और सतर्कता बरती जाए।

कार्यशाला में CSC ई-गवर्नेंस सर्विस इंडिया लिमिटेड के राहुल सिंह, श्रेई इंफ्रास्ट्रक्चर फाइनेंस लिमिटेड के आशीष तिवारी सहित जनपद के विभिन्न जन सुविधा केंद्रों के संचालक उपस्थित रहे।

Vedant Singh

Vedant Singh S/O Dr. Naveen Singh Mo. Belwadandi Po. Gandhi Nagar Basti Pin . 272001 Mob 8400883291 BG . O Positive vsvedant12345@gmail.com

Vedant Singh

Vedant Singh S/O Dr. Naveen Singh Mo. Belwadandi Po. Gandhi Nagar Basti Pin . 272001 Mob 8400883291 BG . O Positive vsvedant12345@gmail.com

Related Articles

Back to top button