बीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

शहीद मेजर पूर्ण सिंह फोर्ट विद्यालय में प्रतिमा स्थापना की उठी मांग, विद्यार्थियों में देशभक्ति की भावना होगी प्रबल: श्याम सिंह हाडला

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी

 

9 जुलाई 2026

शहीद मेजर पूर्ण सिंह फोर्ट विद्यालय में प्रतिमा स्थापना की उठी मांग, विद्यार्थियों में देशभक्ति की भावना होगी प्रबल: श्याम सिंह हाडला

बीकानेर। 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में अदम्य साहस और वीरता का परिचय देते हुए मातृभूमि के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीद मेजर पूर्ण सिंह की स्मृति को विद्यालय परिसर में साकार रूप देने की मांग उठी है। भाजपा के जिला महामंत्री एवं विधायक प्रतिनिधि श्याम सिंह हाडला ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर तथा शिक्षा निदेशक, बीकानेर को पत्र भेजकर शहीद मेजर पूर्ण सिंह फोर्ट उच्च माध्यमिक विद्यालय में शहीद मेजर पूर्ण सिंह की प्रतिमा एवं उनके जीवन परिचय से संबंधित सूचना पट्ट स्थापित करने की स्वीकृति देने का आग्रह किया है।

श्याम सिंह हाडला ने कहा कि राजस्थान वीरों की भूमि रही है और शहीद मेजर पूर्ण सिंह का बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। विद्यालय का नाम उनके नाम पर होने के बावजूद आज तक परिसर में उनकी प्रतिमा स्थापित नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण है। यदि विद्यालय में उनकी प्रतिमा और जीवन परिचय प्रदर्शित किया जाता है तो विद्यार्थियों में देशभक्ति, राष्ट्रसेवा और शहीदों के प्रति सम्मान की भावना और अधिक सशक्त होगी।

उन्होंने बताया कि बीकानेर शहर में शहीद मेजर पूर्ण सिंह के नाम पर सर्किल एवं प्रतिमा पहले से स्थापित है, जो आमजन को प्रेरित करती है। इसी प्रकार विद्यालय परिसर में भी प्रतिमा स्थापित होने से छात्र-छात्राएं उनके त्याग, साहस और राष्ट्रभक्ति से प्रतिदिन प्रेरणा प्राप्त करेंगे।

श्याम सिंह हाडला ने अपने पत्र में सरकार को आश्वस्त किया है कि प्रतिमा स्थापना का पूरा खर्च भामाशाहों एवं समाज के सहयोग से वहन किया जाएगा तथा इस कार्य के लिए शिक्षा विभाग या विद्यालय प्रशासन पर किसी प्रकार का आर्थिक भार नहीं आएगा। साथ ही विद्यालय में एक सूचना पट्ट लगाने की भी मांग की गई है, जिसमें शहीद मेजर पूर्ण सिंह के जीवन, सैन्य सेवा और बलिदान का संक्षिप्त विवरण अंकित किया जाए।

उन्होंने राज्य सरकार से यह भी आग्रह किया कि राजस्थान के जिन विद्यालयों का नामकरण अमर शहीदों के नाम पर किया गया है, वहां भी उनकी प्रतिमाएं एवं जीवन परिचय संबंधी सूचना पट्ट स्थापित किए जाएं। उनका कहना है कि यह पहल शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी और नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति तथा देशसेवा के संस्कारों को और अधिक मजबूत करेगी।

हाडला ने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार इस राष्ट्रहित एवं भावनात्मक विषय पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए शीघ्र स्वीकृति प्रदान करेगी ।

 

Dr Ram Dayal Bhati

Editor Rajasthan Mobile Number 97848 14914

Dr Ram Dayal Bhati

Editor Rajasthan Mobile Number 97848 14914

Related Articles

Back to top button