बीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

रोटरी क्लब बीकानेर रॉयल्स ने बनाई ‘रॉयल्स लाइफ म्यूजिकल क्लब’, गीत-संगीत के साथ नए सत्र का आगाज

फेलोशिप को मिलेगा नया आयाम, जल्द बनेगा 'रॉयल्स स्पोर्ट्स क्लब', सांस्कृतिक गतिविधियों को भी मिलेगा बढ़ावा

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी

 

बीकानेर। रोटरी क्लब बीकानेर रॉयल्स ने रोटरी वर्ष 2026-27 की शुरुआत सेवा कार्यों के साथ-साथ फेलोशिप को नई पहचान देने के उद्देश्य से की। सत्र के पहले ही दिन सहायक प्रांतपाल रोटे. आनंद आचार्य की प्रेरणा और क्लब अध्यक्ष रोटे. विपिन लड्ढा के नेतृत्व में ‘रॉयल्स लाइफ म्यूजिकल क्लब’ के गठन की घोषणा की गई। क्लब का उद्देश्य प्रत्येक माह की अंतिम बैठक को गीत-संगीत, सदस्यों के जन्मदिन और आपसी मेलजोल के साथ यादगार बनाना है।

पहली म्यूजिकल संध्या में संगीत का शानदार माहौल देखने को मिला। प्रसिद्ध गायक रोटे. राजेश पारीक ने ‘आने वाला पल जाने वाला है’ गीत प्रस्तुत कर समां बांध दिया। वहीं डॉ. पुनीत खत्री और डॉ. प्रवीण चतुर्वेदी ने ‘यम्मा यम्मा’ गीत पर अपनी प्रस्तुति देकर सभी का भरपूर मनोरंजन किया।

कार्यक्रम में डूंगर महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य डॉ. शिशिर शर्मा, पशु चिकित्सा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी रोटे. राजेश धूड़िया तथा दंत चिकित्सक डॉ. मनोज संवाल ने भी अपनी प्रस्तुतियों से सभी का दिल जीत लिया। रोटे. सचिन शर्मा, डॉ. संदीप खरे और डॉ. अरुण पुरोहित सहित कई सदस्यों ने अपनी गायन प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

क्लब के चार्टर अध्यक्ष एवं वरिष्ठ रोटेरियन डॉ. मनोज कुड़ी ने इसे फेलोशिप को मजबूत करने वाली अभिनव पहल बताया। क्लब सचिव रोटे. जगदीप सिंह ओबेरॉय ने कहा कि युवा उत्साह और वरिष्ठ अनुभव का ऐसा संगम ही रोटरी रॉयल्स की विशेष पहचान है।

पूर्व सहप्रांतपाल रोटे. राजेश बावेजा ने बताया कि म्यूजिकल क्लब के लिए आधुनिक संगीत एवं तकनीकी संसाधन जुटाए जा रहे हैं। भविष्य में इन संसाधनों का उपयोग युवाओं के संगीत प्रशिक्षण, मंचीय प्रस्तुतियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए भी किया जाएगा, जिससे स्थानीय संगीत प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलेगा।

इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष रोटे. विपिन लड्ढा ने घोषणा की कि सदस्यों के बीच आपसी जुड़ाव और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए जल्द ही ‘रॉयल्स स्पोर्ट्स क्लब’ का गठन भी किया जाएगा। इसके तहत प्रत्येक माह खेल गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान चार्टर अध्यक्ष डॉ. मनोज कुड़ी सहित सभी पूर्व अध्यक्षों ने गत वर्ष के अध्यक्ष रोटे. सुनील चमड़िया को उनके उत्कृष्ट कार्यकाल के लिए अनुशंसा पत्र भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके बाद सदस्यों ने रोटे. शिव वर्मा के दर्शना डाइनिंग के व्यंजनों और रोटे. श्रवण सैनी के श्री बालाजी स्वीट्स की मिठाइयों का आनंद लिया।

रोटरी क्लब बीकानेर रॉयल्स ने स्पष्ट किया कि सेवा गतिविधियों के साथ-साथ संगीत, संस्कृति, खेल और फेलोशिप के माध्यम से सदस्यों के बीच आत्मीयता बढ़ाने और सामाजिक सरोकारों को मजबूत करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जाएंगे।

Dr Ram Dayal Bhati

Editor Rajasthan Mobile Number 97848 14914

Dr Ram Dayal Bhati

Editor Rajasthan Mobile Number 97848 14914

Related Articles

Back to top button