LIVE TVअपराधउत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़लखीमपुर खीरी
खीरी पुलिस की बड़ी सफलता: 29 साइबर ठगी पीड़ितों को लौटाए गए 8.39 लाख रुपये

रिपोर्ट: डॉ. संजय कुमार पांडेय, स्टेट हेड उत्तर प्रदेश
मोबाइल: 7376326175
लखीमपुर खीरी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक खीरी के निर्देशन में ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी की घटनाओं की रोकथाम एवं पीड़ितों की धनराशि वापस कराने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खीरी पुलिस को उल्लेखनीय सफलता मिली है। वर्ष 2026 में फरवरी से मई माह तक साइबर क्राइम थाना पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए 29 साइबर ठगी पीड़ितों को कुल 8,39,906 रुपये की धनराशि वापस कराई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग के नेतृत्व में जनपद में साइबर अपराधों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। प्राप्त शिकायतों पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर विभिन्न बैंकिंग संस्थानों, भुगतान गेटवे, साइबर हेल्पलाइन तथा संबंधित एजेंसियों से समन्वय स्थापित किया। इसके परिणामस्वरूप ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी से जुड़े 29 मामलों में पीड़ितों के खातों से निकाली गई धनराशि सफलतापूर्वक वापस कराई गई।
धनराशि वापस मिलने पर पीड़ितों ने खीरी पुलिस की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। पुलिस विभाग का कहना है कि साइबर अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के साथ-साथ आम जनता को जागरूक करने के लिए लगातार जन-जागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं, ताकि लोग फर्जी लिंक, केवाईसी अपडेट, निवेश योजनाओं और लॉटरी के नाम पर होने वाली ऑनलाइन ठगी से बच सकें।
खीरी पुलिस ने जनपदवासियों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज करें, जिससे समय रहते कार्रवाई कर धनराशि को सुरक्षित कराया जा सके।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि साइबर अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी तथा आमजन की सुरक्षा और हितों की रक्षा के लिए खीरी पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।


Subscribe to my channel


