बीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
विश्व साइकिल दिवस पर आईजी ओमप्रकाश ने दिया फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण और सीमा सुरक्षा का संदेश
रायसिंहनगर में साइकिल रैली निकाली, सीमा क्षेत्र में जनसंवाद कर नशा तस्करी के खिलाफ मांगा सहयोग

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी
श्रीगंगानगर, 7 जून। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज श्री ओमप्रकाश एवं जिला पुलिस अधीक्षक श्रीगंगानगर श्री हरीशंकर के नेतृत्व में रायसिंहनगर में भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से फिट इंडिया अभियान, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
रैली में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, वृत्ताधिकारी, थाना अधिकारी, अर्द्धसैनिक बलों के जवान, खिलाड़ी, युवा एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया। शहर के विभिन्न मार्गों से निकली रैली के दौरान नियमित व्यायाम, स्वास्थ्य जागरूकता और फिटनेस को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया गया।
इसके बाद पुलिस महानिरीक्षक श्री ओमप्रकाश ने सीमा क्षेत्र स्थित मेसजा कोठी पुलिस थाना परिसर में सेवानिवृत्त पुलिस एवं अर्द्धसैनिक अधिकारियों, सुरक्षा सखियों, पुलिस मित्रों तथा सीएलजी सदस्यों के साथ संवाद किया। बैठक में भारत-पाकिस्तान सीमा क्षेत्र की आंतरिक सुरक्षा, सिंथेटिक नशे के खिलाफ अभियान तथा जनसहभागिता को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
जनसंवाद के दौरान आमजन से नशा तस्करी और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई। इस अवसर पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया तथा अधिकाधिक पौधे लगाने का आह्वान किया गया।
पुलिस महानिरीक्षक ने रायसिंहनगर, श्रीकरणपुर एवं अनूपगढ़ क्षेत्र के पुलिस अधिकारियों की बैठक लेकर अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे 50 किलोमीटर क्षेत्र में अवैध निर्माणों की रोकथाम एवं प्रभावी कार्रवाई के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
दौरे के दौरान उन्होंने भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के निकट स्थित बीएसएफ की अग्रिम चौकियों का निरीक्षण किया तथा जवानों का उत्साहवर्धन किया। बीएसएफ अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में सीमा पार से होने वाली हेरोइन एवं अवैध हथियारों की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए संयुक्त समन्वय और रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया।
आईजी ओमप्रकाश ने कहा कि सीमा सुरक्षा, नशा मुक्त समाज, पर्यावरण संरक्षण और जनसहयोग के माध्यम से ही सुरक्षित एवं स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है।

Subscribe to my channel


