LIVE TVअपराधउत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़लखीमपुर खीरी

लखीमपुर खीरी पुलिस का बड़ा अभियान: 75 वांछित और वारंटी अभियुक्त गिरफ्तार

 

रिपोर्ट: डॉ. संजय पांडेय,स्टेट हेड, उत्तर प्रदेश

मोबाइल: 7376326175

लखीमपुर खीरी, 07 जून 2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन में जनपद लखीमपुर खीरी में अपराधियों, वांछित अभियुक्तों एवं वारंटियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलाए गए सघन अभियान के दौरान कुल 75 वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर संबंधित न्यायालयों के समक्ष पेश किया गया।

पुलिस प्रशासन द्वारा चलाए गए इस विशेष अभियान का उद्देश्य जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना तथा अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है। अभियान के दौरान थाना मैलानी पुलिस ने सर्वाधिक 17 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया, जिनमें 15 वारंटी एवं 2 वांछित शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त थाना सम्पूर्णानगर और थाना खीरी पुलिस ने 9-9 वारंटियों को गिरफ्तार किया। थाना फूलबेहड़ एवं थाना मैगलगंज पुलिस ने 8-8 वारंटियों के साथ वांछित अभियुक्तों को भी गिरफ्तार किया। थाना पसगवां पुलिस ने 3 वारंटी और 3 वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा।

विशेष अभियान के दौरान थाना हैदराबाद पुलिस ने एक वारंटी के साथ-साथ नाबालिग युवती से दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट के मामले में वांछित अभियुक्त को भी गिरफ्तार किया। वहीं अन्य थाना क्षेत्रों में भी पुलिस टीमों ने लगातार दबिश देकर फरार चल रहे आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की।

जनपद पुलिस द्वारा चलाए गए इस अभियान में मैलानी, सम्पूर्णानगर, खीरी, फूलबेहड़, मैगलगंज, पसगवां, मितौली, शारदानगर, उचौलिया, हैदराबाद, गोला, ईसानगर, मोहम्मदी और निघासन थाना पुलिस की टीमों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने बताया कि जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा जनपद में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Viyasmani Tripaathi

Cheif editor Mobile no 9795441508/7905219162

Related Articles

Back to top button