LIVE TVअपराधउत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़लखीमपुर खीरी

दहेज हत्या का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, अवैध तमंचा व कारतूस बरामद

 

रिपोर्ट: डॉ. संजय कुमार पांडेय, स्टेट हेड उत्तर प्रदेश

मोबाइल: 7376326175

लखीमपुर खीरी, 07 जून 2026। जनपद खीरी के थाना पढुआ पुलिस ने दहेज हत्या के मामले में वांछित आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी निघासन के निर्देशन में थाना प्रभारी पढुआ मोहित पुण्डीर के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, 05 जून 2026 को थाना सिंगाही क्षेत्र के सिंगाही देहात निवासी 23 वर्षीय शहनाज की हत्या के मामले में उसके पति रॉबिन अली, ननद रुखसाना, भाई छोटू, ससुर मैकू, बहनोई इकबाल तथा सास के खिलाफ दहेज उत्पीड़न एवं दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था।

06 जून को पुलिस टीम वांछित आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मुख्य आरोपी रॉबिन अली क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने ढखेरवा खालसा तिराहा गन्ना सेंटर के पास घेराबंदी की। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तारी के प्रयास के दौरान आरोपी ने अवैध तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा आत्मसमर्पण के लिए चेतावनी देने के बावजूद आरोपी ने दोबारा फायर किया और भागने का प्रयास किया।

आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, तमंचे की नाल में फंसा एक कारतूस तथा मोटरसाइकिल सीडी डीलक्स (UP 31CC 9245) बरामद की है। इस संबंध में थाना पढुआ में आर्म्स एक्ट एवं अन्य धाराओं के तहत अलग मुकदमा भी दर्ज किया गया है।

पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Viyasmani Tripaathi

Cheif editor Mobile no 9795441508/7905219162

Related Articles

Back to top button