बीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

बीकानेर में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी, कई स्थानों से हटाए गए कब्जे

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी

बीकानेर, 5 जून। जिला पुलिस प्रशासन और नगर निगम बीकानेर द्वारा शहर में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज तथा जिला पुलिस अधीक्षक बीकानेर के निर्देशानुसार शुक्रवार को यातायात पुलिस, सदर थाना पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए शहर के विभिन्न क्षेत्रों को अतिक्रमण मुक्त कराया।

संयुक्त अभियान के तहत जूनागढ़ किले के आसपास, पुराने बस स्टैंड, हेड पोस्ट ऑफिस तथा अन्य व्यस्त इलाकों में अनधिकृत रूप से लगाए गए रेहड़ी-ठेले, खोखे और हाथ ठेला/गाड़ियों को हटाया गया। इसके साथ ही नो-पार्किंग क्षेत्रों में खड़े अवैध वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई, जिससे यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाया जा सके।

प्रशासन के अनुसार ये क्षेत्र शहर के अत्यधिक व्यस्त यातायात वाले इलाकों में शामिल हैं, जहां सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण के कारण आमजन और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। संयुक्त कार्रवाई के दौरान अवैध कब्जों को हटाकर मार्गों को साफ कराया गया और यातायात संचालन को व्यवस्थित किया गया।

अभियान के दौरान टैक्सी स्टैंड पर मौजूद चालकों को भी यातायात नियमों का पालन करने और निर्धारित स्थानों पर ही वाहन खड़े करने की समझाइश दी गई।

कार्रवाई में यातायात प्रभारी पुलिस निरीक्षक कानाराम, उपनिरीक्षक रामगोपाल सहित यातायात पुलिस स्टाफ तथा नगर निगम बीकानेर के सतर्कता दल प्रभारी प्रदीप सिंह खिड़िया और उनकी टीम मौजूद रही।

जिला पुलिस अधीक्षक ने शहरवासियों और व्यापारियों से अपील की है कि वे यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि शहर की मुख्य सड़कों, बस स्टैंडों और बाजारों में जिन लोगों ने अतिक्रमण कर रखा है, वे स्वयं उसे हटा लें। प्रशासन द्वारा नगर निगम के सहयोग से यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि आमजन को सुरक्षित, सुगम और बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

Dr Ram Dayal Bhati

Editor Rajasthan Mobile Number 97848 14914

Dr Ram Dayal Bhati

Editor Rajasthan Mobile Number 97848 14914

Related Articles

Back to top button