ब्रेकिंग न्यूज़राज्य
अहमदाबाद में धर्मनिष्ठ श्रावक मोतीलाल बांठिया की गुणानुवाद सभा आयोजित, विभिन्न संस्थाओं ने दी श्रद्धांजलि

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
अहमदाबाद। धर्मनिष्ठ श्रावक स्वर्गीय मोतीलाल बांठिया के समाधि मरण के उपलक्ष्य में अहमदाबाद स्थित तेरापंथ सभा भवन, शाहीबाग में गुणानुवाद सभा का आयोजन किया गया। सभा में विभिन्न जैन धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों तथा परिजनों ने उपस्थित होकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
सभा में स्वर्गीय मोतीलाल बांठिया के लघु भ्राता एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट ओमप्रकाश बांठिया ने उनके जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि जब मोतीलाल जी मात्र पांच वर्ष के थे, तब उनके पिता सेवाराम जी का बाड़मेर में पूज्य सागरमल जी महाराज साहब के चातुर्मास मंगल प्रवेश के दिन एक दुर्घटना में निधन हो गया था। कठिन परिस्थितियों के बावजूद माता अणसी देवी द्वारा दिए गए धार्मिक संस्कारों ने पूरे परिवार को धर्म मार्ग पर अग्रसर रखा।
उन्होंने बताया कि आचार्य हस्तीमल जी महाराज साहब की प्रेरणा से परिवार का धर्म संघ से जुड़ाव निरंतर बढ़ता रहा। मोतीलाल जी की सुपुत्री पिंकी बांठिया ने लगभग 18 वर्ष पूर्व अहमदाबाद में ज्ञान गच्छाधिपति श्रूतधर प्रकाशचंद्र जी महाराज साहब के सान्निध्य में जैन भागवती दीक्षा ग्रहण की थी और वर्तमान में महासती गुणांशी जी महाराज के रूप में धर्म साधना कर रही हैं।
मोतीलाल बांठिया ने अपने जीवन में सामायिक, प्रतिक्रमण, पोषध, संयम, त्याग एवं तपस्या को विशेष महत्व दिया। 29 मई को साबरमती स्थित सुधर्म पोषधशाला में पूज्य राजेश मुनि जी महाराज साहब के प्रवचन के दौरान सामायिक करते समय उन्होंने शांतिपूर्वक समाधि मरण प्राप्त किया। इसके बाद उनकी वैकुंठी यात्रा भी निकाली गई।
गुणानुवाद सभा में विभिन्न संस्थाओं की ओर से श्रद्धांजलि पत्रों का वाचन किया गया। इनमें अखिल भारतीय श्री जैन रत्न हितेषी श्रावक संघ, अखिल भारतीय जैन संस्कृति रक्षक सुधर्म संघ, श्री गुरु हस्ती कल्याण संस्थान बालोतरा, महावीर इंटरनेशनल अपेक्स, सुधर्म पोषधशाला संघ साबरमती, राजस्थान जैन स्थानकवासी संघ अहमदाबाद, बाड़मेर ओसवाल हाटो वाला समाज तथा सिवांची मालाणी संघ सहित अनेक संस्थाएं शामिल रहीं।
सभा में जितेंद्र बांठिया, रेखा मेहता, पदमचंद कोठारी, अशोक कुमार मंडोत, गौतम लूंकड़, मुकेश कुमार, प्रियल, गुणांश सहित परिजनों एवं श्रद्धालुओं ने अपने भावपूर्ण श्रद्धासुमन अर्पित किए। तेरापंथ धर्मसंघ के मुनि मुनिसुब्रत कुमार जी के सहवर्ती संतों द्वारा मांगलिक का वाचन भी किया गया।
कार्यक्रम में अहमदाबाद के विभिन्न जैन संघों के पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, रिश्तेदारों एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर स्वर्गीय मोतीलाल बांठिया के प्रति श्रद्धा व्यक्त की। अंत में बांठिया परिवार की ओर से हरकचंद, लूणचंद, ओमप्रकाश, संपतराज, विमलकुमार, राजेंद्र, महेंद्र, राजेश, जितेंद्र, वीरेंद्र, मनीष, अशोक, राहुल कुमार एवं अभिषेक सहित परिवार के सदस्यों ने उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।

Subscribe to my channel


